विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उत्तर 24 परगना जिला परिषद में 40-50 लोगों का हंगामा, सभाधिपति के कमरे में तोड़फोड़

Published: Mon, 12 Oct 2026 11:29 PM (IST)

उत्तर 24 परगना जिला परिषद में सभाधिपति नारायण गोस्वामी के कार्यालय में 40-50 लोगों ने घुसकर तोड़फोड़ की।

सभाधिपति के कमरे में तोड़फोड़। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

सभाधिपति के कमरे में तोड़फोड़। (प्रतीकात्मक तस्वीर)

HighLights

  1. उत्तर 24 परगना जिला परिषद कार्यालय में तोड़फोड़।

  2. सभाधिपति नारायण गोस्वामी के कमरे में हंगामा।

  3. 40-50 लोगों के समूह ने किया हमला।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। उत्तर 24 परगना जिला परिषद के सभाधिपति नारायण गोस्वामी के कार्यालय में सोमवार को 40-50 लोगों के एक समूह ने कथित तौर पर घुसकर तोड़फोड़ की।

आरोप है कि समूह के सदस्य सभाधिपति को खोजते हुए उनके कमरे में पहुंचे और वहां रखे सामान व दस्तावेजों को अस्त-व्यस्त कर दिया। घटना के समय नारायण गोस्वामी कार्यालय में मौजूद नहीं थे। समूह के वहां पहुंचने और तोड़फोड़ करने के कारणों का अब तक पता नहीं चल पाया है।

कार्यालय के कर्मचारियों के अनुसार, लोगों का समूह अचानक परिसर में पहुंचा और सभाधिपति के बारे में पूछताछ करने लगा। उन्हें बताया गया कि नारायण गोस्वामी कार्यालय में नहीं हैं, लेकिन इसके बावजूद वे वहां से नहीं गए।

आरोप है कि इसके बाद उनकी कर्मचारियों से कहासुनी हुई और वे सभाधिपति के निर्धारित कक्ष में घुस गए। कर्मचारियों का कहना है कि समूह ने अलमारी की चाबी मांगी। इसके बाद अलमारी का दरवाजा लात मारकर तोड़ दिया गया और शोकेस से सामान निकालकर बिखेर दिया गया।

सभाधिपति के निजी सहायक दुर्गा सेन मल्लिक ने भी कमरे में सामान अस्त-व्यस्त किए जाने की बात कही। जिला परिषद कर्मचारी असित मजूमदार के मुताबिक, समूह में शामिल लोगों को वह पहचानते नहीं हैं। अचानक इतनी बड़ी संख्या में लोगों के कार्यालय में घुसने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे हैं।

राजनीतिक संबंध स्पष्ट नहीं, प्रशासनिक कार्रवाई के संकेत

नारायण गोस्वामी ने कहा कि उन्हें घटना की जानकारी मिली है। वह कार्यालय के कर्मचारियों से बात कर पूरे मामले को समझेंगे और इसके बाद प्रशासनिक स्तर पर कदम उठाएंगे।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले नारायण गोस्वामी की गाड़ी पर अंडे फेंके जाने की घटना हुई थी। इसके बाद उन्होंने जिला परिषद के सभाधिपति पद से इस्तीफा देने की बात कही थी। हालांकि, मौजूदा तोड़फोड़ की घटना का उस प्रकरण से कोई संबंध है या नहीं, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।