पहली मुलाकात में ही जुड़ा सात जन्मों का साथ, प्रेमी जोड़े ने चंद घंटों में रचा ली शादी
Unique Love Story. सुदीप खुद को प्रतिमा को प्रपोज करने से नहीं रोक सका। इसके बाद सुदीप ने सैकड़ों लोगों के सामने प्रतिमा से अपने प्यार का इजहार किया।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। 'चट मंगनी, पट ब्याह' वाली कहावत को भी पीछे छोड़ते हुए बंगाल में प्रेमी जोड़े ने पहली मुलाकात के चंद घंटों के अंदर ही शादी कर ली, वह भी दुर्गापूजा के पंडाल में। उनकी शादी के गवाह पूजा में पहुंचे बहुत से लोग भी बनें।
जानकारी के मुताबिक, बंगाल में हुगली जिले के हिंदमोटर इलाके के रहने वाले सुदीप घोषाल और उसी जिले के सेवड़ाफुली की निवासी प्रतिमा बनर्जी में सोशल मीडिया पर तीन महीने पहले दोस्ती हुई थी। महाअष्टमी पर सुदीप घोषाल को पता चला कि प्रतिमा बनर्जी अपने दोस्तों के साथ कोलकाता घूमने आई है। सुदीप घोषाल ने प्रतिमा बनर्जी से मिलने को कहा। किस्मत से प्रतिमा बनर्जी उसी पंडाल में थी, जहां सुदीप घोषाल अपने दोस्तों के साथ घूमने पहुंचे थे। दोनों मिले। माहौल ऐसा था कि सुदीप घोषाल खुद को प्रतिमा बनर्जी को प्रपोज करने से नहीं रोक सका। इसके बाद सुदीप घोषाल ने सैकड़ों लोगों के सामने प्रतिमा बनर्जी से अपने प्यार का इजहार किया। प्रतिमा बनर्जी ने भी सुदीप घोषाल के इजहार को कुबूल कर लिया।
महाअष्टमी को रात के करीब आठ बजे दोनों संतोष मित्रा स्क्वायर के पूजा पंडाल में सुदीप घोषाल और प्रतिमा बनर्जी एक-दूसरे से मिले। फर्मास्यूटिकल एक्जीक्यूटिव सुदीप घोषाल ने घुटनों पर बैठकर प्रतिमा बनर्जी को प्रपोज किया। सैकड़ों लोगों से भरा पंडाल उनकी खुशी में शरीक हुआ। बूटिक चलाने वाली प्रतिमा बनर्जी ने बताया कि वह सुदीप घोषाल के प्यार की सादगी और मासूमियत देखकर हैरान रह गई। यह पहली नजर का प्यार का था। उसे सुदीप घोषाल का प्रपोजल स्वीकार करने में कोई हिचक नहीं थी। अपने दोस्तों के साथ पंडाल में आए सुदीप घोषाल रात 10.30 बजे प्रतिमा बनर्जी को लेकर हिंदमोटर पहुंचे और एक स्थानीय पंडाल में आधी रात के करीब शादी कर ली। बंगाल में दुर्गा पूजा के दौरान हुई यह शादी चर्चा का विषय बनी हुई है।