2.57 करोड़ के सोने के साथ दो तस्कर गिरफ्तार
जब्त सोने का कुल वजन 8.30 किलो है, जिसका बाजार मूल्य करीब 2.57 करोड़ रुपये है।
जागरणा संवाददाता, कोलकाता। राजस्व खुफिया निदेशालय (डीआरआइ) की टीम ने एक खुफिया सूचना पर कार्रवाई करते हुए म्यांमार से तस्करी कर कोलकाता लाए 50 सोने के बिस्कुटों की बड़ी खेप जब्त की है। सोने के साथ दो तस्करों को भी गिरफ्तार किया है। दोनों तस्कर मिजोरम का रहने वाला हैं।
डीआरआइ सूत्रों के अनुसार, जब्त सोने का कुल वजन 8.30 किलो है, जिसका बाजार मूल्य करीब 2.57 करोड़ रुपये है। सोने को मिजोरम में भारत-म्यांमार सीमा के जरिए तस्करी कर दोनों तस्कर इसे सिलचर-सियालदह कंचनजंघा एक्सप्रेस से ला रहे थे। दोनों शख्स सोने के बिस्कुट को अपने जूते में छिपा कर यात्रा कर रहा था और सोने पर टेप लिपटा था।
प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि सोने की डिलीवरी कोलकाता के बड़ाबाजार में की जानी थी। डीआरआइ दोनों से सोने की तस्करी के नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि इससे पहले डीआरआइ की टीम ने इसी महीने सिलीगुडी में दो अलग-अलग जगहों से 20 किलो सोना जब्त किया था। इसे म्यांमार से तस्करी कर लाया गया था। इसके अलावा पिछले महीने डीआरआइ ने सिलीगुडी इलाके से 32 किलो सोने की बड़ी खेप को जब्त किया था। इस सोने को चीन से तस्करी कर लाया गया था।