भाजपा नेता मनीष शुक्ला की हत्या के मामले में पंजाब से दो शार्प शूटर गिरफ्तार, पटना जेल में रची थी साजिश
दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर लुधियाना से कोलकाता लाया गया। चार अक्टूबर 2020 को उत्तर 24 परगना के टीटागढ़ में हुई हत्या के मामले में इसे सीआइडी की बड़ी सफलता मानी जा रही है। सीआईडी सूत्रों के अनुसार इस मामले में उन्हें और चार शार्प शूटरों की तलाश है।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बंगाल के भाजपा नेता और पार्षद मनीष शुक्ला की हत्या की साजिश बिहार की राजधानी पटना के जेल में रची गयी थी। मनीष शुक्ला हत्याकांड में गिरफ्तार किये गये अपराधियों ने यह खुलासा किया है। इस मामले में पंजाब से गुरुवार को दो शार्प शूटर को गिरफ्तार किया गया। चार अक्टूबर, 2020 को उत्तर 24 परगना के टीटागढ़ में हुई हत्या के मामले में इसे सीआइडी की बड़ी सफलता मानी जा रही है।
शुक्रवार को लुधियाना से कोलकाता लाया गया
वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक सीआइडी की टीम ने गुरुवार को पंजाब से दो शार्प शूटरों को गिरफ्तार किया। पकड़े गये आरोपियों के नाम सुजीत कुमार राय (26) एवं रोशन कुमार यादव उर्फ तात्या (20) हैं। इसमें सुजीत बिहार के समस्तीपुर जिले के मसूरी गौरी थाना क्षेत्र के बथुआ गांव का रहने वाला है, तो रौशन वैशाली जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के साथिया गांव का निवासी है। दोनों को ट्रांजिट रिमांड पर शुक्रवार को लुधियाना से कोलकाता लाया गया।
दोनों ही शार्प शूटर सीधे तौर पर हत्या से जुड़े हैं
सीआइडी के सूत्रों का कहना है कि दोनों ही शार्प शूटर हैं एवं मनीष शुक्ला पर गोली चलाने में ये दोनों सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं। इस मामले में उन्हें और चार शार्प शूटरों की तलाश है। अधिकारियों का कहना है कि इस मामले की जांच में अब तक मोहम्मद खुर्रम खान, गुलाब शेख और सुबोध राय नामक तीन आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। सुबोध के कब्जे से तीन अत्याधुनिक हथियार और बाइक जब्त की गयी है।
हत्या के बाद बंगाल की राजनीति गरमा गयी थी
पटना जेल में पूरे मामले के साजिश रचने वाले सुबोध कांत सिंह नामक एक अन्य आरोपित को कोलकाता लाने की तैयारी की जा रही है, जिससे बाकी अपराधियों तक जल्द पहुंचा जा सके। ज्ञात हो कि मनीष शुक्ला की हत्या से बंगाल की राजनीति गरमा गयी थी। भाजपा ने इसे राजनीतिक हत्या करार देते हुए ममता बनर्जी की सरकार पर हमला बोल दिया था।