डेंगू से महिला व बच्ची की मौत
जागरण संवाददाता कोलकाता महानगर व आसपास के जिलों में डेंगू क प्रकोप कम होने का नाम नहीं ल
जागरण संवाददाता, कोलकाता : महानगर व आसपास के जिलों में डेंगू क प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा। दिन ब दिन डेंगू पीड़ितों की संख्या बढ़ती ही जा रही है। इस बीच डेंगू से एक महिला व बच्ची की मौत का मामला प्रकाश में आया है। पहली घटना में महानगर के इकबालपुर थानांतर्गत इलाका स्थित रानीकुठी रहने वाली एक नौ वर्षीया बच्ची की मौत हो गई। बच्ची का नाम प्रज्ञा साहा है। मृतका के परिजनों ने बताया कि प्रज्ञा काफी दिनों से बुखार से पीड़ित थी। इसके बाद उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ और उसकी तबीयत बिगड़ती चली गई। इसके बाद उसे कोलकाता से सीएमआरआइ अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान बच्ची ने शनिवार देर रात दम तोड़ दिया। अस्पताल द्वारा जारी मृत्यु प्रमाणपत्र में डेंगू का उल्लेख किया गया है। डाक्टरों ने बताया कि मल्टी आर्गन फेल्योर की वजह से बच्ची की मौत हुई है। दूसरी घटना उत्तर 24 परगना जिले की है। यहां कमरहंट्टी में डेंगू से एक महिला की मौत हो गई। महिला का नाम अर्पिता (35) है। मृतका के परिजनों ने बताया कि गत मंगलवार से वह तेज बुखार से पीड़ित थी। इसके बाद उसे कमरहंट्टी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल द्वारा जारी प्रमाणपत्र में डेंगू का उल्लेख किया गया है। इधर महिला की मौत की खबर पाक स्थानीय लोगों ने नगर पालिका को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने बताया कि इलाके में नियमित साफ-सफाई न होने की वजह से डेंगू ने पैर पसार लिए है। वहीं नपा के अधिकारियों ने इस आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। गौरतलब है कि अभी दो दिन पहले ही गरिया स्थित एक निजी अस्पताल में डेंगू से एक महिला की मौत हो गई थी। मृतका का नाम गायत्री गुहा है। गायत्री एक सप्ताह से तेज बुखार से पीड़ित थी। इसके बाद उसे यहां निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई थी।