पश्चिम बंगालः बिहार से लौटते वक्त ट्रेलर से भिड़ी लग्जरी कार, दो की मौत
पश्चिम बंगाल के अलीपुरद्वार जिले के मदारीहाट में 48 नंबर एशियन हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसे में दो व्यवसायियों ...और पढ़ें
-1790087540685_m.webp)
लग्जरी कार और 18 चक्के वाले ट्रेलर की जोरदार टक्कर। (फाइल फोटो)
HighLights
मदारीहाट में दो व्यवसायियों की सड़क हादसे में मौके पर मौत।
लग्जरी कार और 18 चक्के वाले ट्रेलर की जोरदार टक्कर।
मृतक जामिर आलम और अफरोज खान बिहार के मुजफ्फरपुर से थे।
जागरण ब्यूरो, कोलकाता। मंगलवार सुबह बंगाल में अलीपुरद्वार जिले के अधीन मदारीहाट के 48 नंबर एशियन हाईवे पर हुए भीषण सड़क हादसे में दो व्यवसायियों की मौके पर ही मौत हो गई। सरकारी आरा मिल के पास सुबह करीब पौने सात बजे तेज रफ्तार लग्जरी कार और 18 चक्के वाले ट्रेलर की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
मृतकों की पहचान बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी 35 वर्षीय जामिर आलम और 34 वर्षीय अफरोज खान के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार जामिर आलम और अफरोज खान दोनों दोस्त थे। वे बिहार के मुजफ्फरपुर से अपनी लग्जरी कार से जयगांव लौट रहे थे। इसी दौरान मदारीहाट से बीरपाड़ा की ओर जा रहे एक 18 चक्के वाले ट्रेलर से उनकी कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। दोनों कार के अंदर ही बुरी तरह फंस गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही मदारीहाट थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। कार की हालत इतनी खराब थी कि उसमें फंसे दोनों शवों को निकालने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। करीब आधे घंटे की कोशिश के बाद दोनों शवों को कार से बाहर निकाला जा सका। इसके बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अलीपुरद्वार जिला अस्पताल भेज दिया गया।
हादसे के बाद चालक-खलासी फरार
दुर्घटना के बाद ट्रेलर का चालक और खलासी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने ट्रेलर को कब्जे में लेकर दोनों की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही ट्रेलर के मालिक का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ करने के साथ हादसे के कारणों की भी जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज भी जुटाने की कोशिश की जा रही है।
