पद्मा नदी तैरकर बांग्लादेश से भारत में घुसे दो घुसपैठिये, मुर्शिदाबाद में गिरफ्तार
मुर्शिदाबाद के लालगोला में पद्मा नदी तैरकर भारत में प्रवेश करने वाले दो बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

नदी तैरकर भारत में घुसे दो बांग्लादेशी नागरिक (यह तस्वीर AI की मदद से बनाई गई है।)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । मुर्शिदाबाद के लालगोला में पद्मा नदी तैरकर भारत में प्रवेश करने वाले दो बांग्लादेशी नागरिकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों की पहचान दुलाल और रोसदुल इस्लाम के रूप में हुई है।
पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों मध्य रामनगर गांव में ठहरे हुए हैं। इसके बाद लालगोला थाने की पुलिस ने अभियान चलाकर उन्हें पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, दोनों बांग्लादेशी युवकों ने स्थलीय सीमा पर निगरानी के कारण पद्मा नदी तैरकर भारत में प्रवेश किया था। उनके पास भारत में रहने से संबंधित कोई वैध दस्तावेज नहीं मिला।
पूछताछ के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार
पूछताछ के बाद पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। दोनों चांपाइनवाबगंज जिले के निवासी बताए गए हैं। पुलिस यह पता लगा रही है कि वे किस उद्देश्य से भारत आए और उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति या गिरोह जुड़ा है या नहीं।
15 साल से रह रहे बांग्लादेशी को भी पकड़ा
इस बीच, रानितला थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक अन्य बांग्लादेशी नागरिक जौहाद शेख को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने करीब 15 वर्ष पहले भारत में प्रवेश करने के बाद स्थानीय महिला से विवाह किया और अपने ससुर को पिता बताकर मतदाता पहचानपत्र और आधार कार्ड बनवा लिया था।
एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से नाम हटने के बाद जांच में उसके बांग्लादेशी नागरिक होने की जानकारी सामने आई। पुलिस ने शनिवार को उसे गिरफ्तार किया और रविवार को होल्डिंग सेंटर भेज दिया।
