विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

TMC में आर-पार की जंग: चुनाव चिन्ह नहीं मिला तो नंदीग्राम-रेजिनगर से निर्दलीय लड़ेगा ऋतब्रत गुट

Published: Wed, 09 Sep 2026 10:49 PM (GMT+05:30)

ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल गुट ने नंदीग्राम और रेजिनगर उपचुनाव में उम्मीदवार उतारने की घोषणा की है, भले ही उन्हें पार्टी का चुनाव चिन्ह न मिले।

ऋतब्रत गुट नंदीग्राम, रेजिनगर उपचुनाव में उम्मीदवार उतारेगा

ऋतब्रत गुट नंदीग्राम, रेजिनगर उपचुनाव में उम्मीदवार उतारेगा

HighLights

  1. ऋतब्रत गुट नंदीग्राम-रेजिनगर उपचुनाव में उम्मीदवार उतारेगा।

  2. चुनाव चिन्ह न मिलने पर निर्दलीय लड़ने की तैयारी।

  3. ममता बनर्जी लड़ने पर नंदीग्राम से उम्मीदवार नहीं।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा सीटों के उपचुनाव में तृणमूल कांग्रेस के दो गुटों के पहली बार आमने-सामने आने की स्थिति बन गई है। ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले तृणमूल गुट ने बुधवार को दोनों सीटों पर उम्मीदवार उतारने की घोषणा की।

विधानसभा में इस गुट के मुख्य सचेतक खरुज्जमान ने कहा कि जिला नेतृत्व से स्थानीय उम्मीदवारों के नाम मांगे गए हैं। 15 सितंबर को उम्मीदवारों की औपचारिक घोषणा होगी।

चुनाव चिन्ह न मिलने पर निर्दलीय लड़ेंगे चुनाव

खरुज्जमान ने कहा कि उनके उम्मीदवार ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के नाम से नामांकन दाखिल करेंगे और घास पर दो फूल वाले चुनाव चिन्ह की मांग करेंगे।

यदि नामांकन दाखिल करने की अंतिम प्रक्रिया तक चुनाव आयोग से उन्हें यह चुनाव चिन्ह नहीं मिलता है तो उम्मीदवार निर्दलीय के रूप में चुनाव लड़ेंगे और आयोग द्वारा आवंटित चुनाव चिन्ह स्वीकार करेंगे।

तृणमूल के दोनों गुटों के बीच पार्टी के आधिकारिक अधिकार और चुनाव चिन्ह को लेकर विवाद है। ऋतब्रत गुट ने चुनाव आयोग से तृणमूल के चुनाव चिन्ह की मांग की है, जिस पर अभी फैसला लंबित है। ऐसे में गुट ने दोनों संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए तैयारी शुरू कर दी है।

नंदीग्राम में ममता उतरीं तो ऋतब्रत गुट नहीं देगा उम्मीदवार

नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव को लेकर तृणमूल के दोनों गुटों के बीच जारी खींचतान के बीच ऋतब्रत गुट ने बड़ा दांव चला है। गुट के प्रवक्ता ऋजु दत्त ने बुधवार को कहा कि यदि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी नंदीग्राम से चुनाव लड़ती हैं तो उनका गुट उम्मीदवार नहीं उतारेगा। उन्होंने कहा कि वे चाहते हैं कि ममता बनर्जी चुनाव जीतकर विधानसभा में लौटें।

नंदीग्राम में ममता बनर्जी के चुनाव लड़ने को लेकर उनके गुट के अबु ताहेर ने भी चुनौती दी। उन्होंने कहा कि 2021 में ममता बनर्जी ने नंदीग्राम से शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। अब उपचुनाव में भी उन्हें नंदीग्राम से चुनाव लड़कर दिखाना चाहिए।