विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'TMC के बागी गुट का हलफनामा ले जा रहे ट्रक पर हमले की CID करेगी जांच', सीएम शुभेंदु ने दिया आश्वासन

Published: Wed, 28 Oct 2026 03:09 PM (IST)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में टीएमसी के बागी गुट के हलफनामे ले जा रहे ट्रक पर हमले की सीआईडी जांच का आश्वासन दिया।

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी(फाइल फोटो)

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी(फाइल फोटो)

HighLights

  1. मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सीआईडी जांच का आश्वासन दिया।

  2. टीएमसी बागी गुट के हलफनामे ले जा रहे ट्रक पर हमला।

  3. ऋतब्रत बनर्जी ने ममता गुट पर आरोप लगाया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल विधानसभा में बुधवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट द्वारा चुनाव आयोग में जमा करने के लिए भेजे जा रहे हलफनामे के दस्तावेज छीनने की कथित कोशिश व ट्रक पर हमले के मामले में सीआइडी से जांच कराने का आश्वासन दिया।

उन्होंने विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष व तृणमूल के बागी गुट के नेता ऋतब्रत बनर्जी से कहा कि यदि वह इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराते हैं, तो मामले की जांच सीआईडी को सौंप दी जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाएं नहीं होनी चाहिए।

दरअसल, तृणमूल कांग्रेस के असली दावेदार होने के प्रमाण जुटने को लेकर पार्टी के दोनों गुटों के बीच जारी विवाद के बीच ऋतब्रत बनर्जी ने हाल ही में इंटरनेट मीडिया पर आरोप लगाया था कि दिल्ली में केंद्रीय चुनाव आयोग के समक्ष हलफनामा जमा करने के लिए सड़क मार्ग से दस्तावेज भेजे जा रहे थे।

इसी दौरान हरियाणा सीमा के पास उनके ट्रक पर हमला किया गया और दस्तावेज छीनने की कोशिश की गई। इस घटना के पीछे उन्होंने ममता बनर्जी गुट का हाथ होने का संदेह जताया था। इसी प्रकरण पर बुधवार को विधानसभा में मुख्यमंत्री ने प्रतिक्रिया दी।

इस दिन हाल में बंगाल में दो विधानसभा सीटों- नंदीग्राम व रेजीनगर में हुए उपचुनाव में जीत दर्ज करने वाली भाजपा की विधायक हासिरानी रथ और शखारभ सरकार ने विधानसभा में शपथ ली। दोनों नवनिर्वाचित विधायकों के शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री ने सदन को संबोधित करते हुए विभिन्न मुद्दों पर अपनी बातें रखीं।