विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल में तृणमूल विधायक की पत्नी की कार पर हमला

Published: Wed, 23 Sep 2026 10:25 PM (IST)

पश्चिम बंगाल के चोपड़ा में तृणमूल कांग्रेस विधायक हमीदुल रहमान की पत्नी की कार पर हमला हुआ, जिसमें चालक घायल हो गया और विधायक की पत्नी को भी चोट आई।

तृणमूल विधायक हमीदुल रहमान की पत्नी की कार पर हमला। (फोटो-AI जेनरेटेड)

तृणमूल विधायक हमीदुल रहमान की पत्नी की कार पर हमला। (फोटो-AI जेनरेटेड)

HighLights

  1. तृणमूल विधायक हमीदुल रहमान की पत्नी की कार पर हमला।

  2. हमले में कार चालक घायल, विधायक की पत्नी को भी चोट।

  3. पुलिस ने एक भाजपा नेता सहित तीन लोगों को किया गिरफ्तार।

जागरण संवाददाता, चोपड़ा। बंगाल में उत्तर दिनाजपुर जिले के चोपड़ा में बुधवार शाम तृणमूल कांग्रेस विधायक हमीदुल रहमान की पत्नी की कार पर हमला और तोड़फोड़ के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। आरोप है कि कुछ लोगों ने राड और पत्थरों से कार पर हमला कर उसके शीशे तोड़ दिए।

इस घटना में कार चालक घायल हो गया। विधायक की पत्नी रियम निशा के पैर में भी चोट लगने की बात सामने आई है। पुलिस ने मामले में एक स्थानीय भाजपा नेता समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। कार चालक सोनू अंसारी ने बताया कि वह कार से उतरकर थोड़ी दूर स्थित एक दुकान की ओर गया था।

इसी दौरान कुछ लोगों को दौड़ते हुए आते देखा। वह तुरंत वापस कार में पहुंचा, लेकिन तब तक आरोपितों ने राड और पत्थरों से हमला शुरू कर दिया। उसने जब रोकने की कोशिश की तो उस पर भी हमला हुआ। इसमें वह घायल हो गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक के बेटे तथा जिला परिषद सदस्य साहा आलम मौके पर पहुंचे।उन्होंने घायल चालक को कार से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।

विधायक हमीदुल रहमान ने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी चालक के साथ सोनापुर की ओर जा रही थीं। चोपड़ा स्थित घर के सामने कार रुकते ही कुछ लोगों ने अचानक हमला कर दिया। इस संबंध में भाजपा जिला कमेटी के सदस्य दिलीप दास ने बताया कि घटना को लेकर उन्होंने थाने के आइसी से मुलाकात की है।

पुलिस के अनुसार शिकायत मिली है और मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और हमले के पीछे की वजह तथा आरोपों की वास्तविकता का पता लगाया जा रहा है।