विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

​​​​​बंगाल: तृणमूल विधायक परेशनाथ दास के घर पुलिस की छापामारी, पार्टी के पंचायत प्रधान समेत चार गिरफ्तार

Published: Sat, 24 Oct 2026 05:13 PM (IST)

पुलिस ने बंगाल में तृणमूल विधायक परेशनाथ दास के घर पर छापा मारकर पंचायत प्रधान समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. विधायक परेशनाथ दास के घर पुलिस ने की छापामारी।

  2. पंचायत प्रधान समेत चार तृणमूल नेता गिरफ्तार हुए।

  3. चुनाव बाद हिंसा, वसूली और दुष्कर्म के आरोप।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में कैनिंग पश्चिम के तृणमूल विधायक परेशनाथ दास के घर शुक्रवार को पुलिस ने छापामारी कर चार लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में दिघिरपाड़ ग्राम पंचायत के प्रधान शिलादित्य राय भी शामिल हैं। अन्य तीन भी तृणमूल के स्थानीय नेता बताए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, इनके खिलाफ चुनाव बाद हिंसा, मारपीट, वसूली और तोड़फोड़ समेत कई आरोप हैं। बारुईपुर जिला पुलिस और कैनिंग थाने की पुलिस ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई की। छापामारी के दौरान केंद्रीय बलों के जवान भी तैनात थे।

पुलिस जब विधायक के घर पहुंची तो वह वहां नहीं मिले। उनसे फोन पर संपर्क करने की भी कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो सकी। इसके बाद पुलिस ने उनके चार समर्थकों को गिरफ्तार कर लिया। विधायक की तलाश में छापामारी और जांच जारी है।

दुष्कर्म के आरोप में भी जांच

विधायक परेशनाथ दास पर पहले भी कई आरोप लग चुके हैं। 2023 के पंचायत चुनाव के दौरान विपक्षी दलों के कार्यकर्ताओं पर हमले और बमबाजी के आरोप भी उन पर लगे थे। हाल में उनके खिलाफ दुष्कर्म का आरोप सामने आने के बाद सीआईडी ने जांच शुरू की थी।

पिछले महीने विधायक भवानी भवन स्थित सीआईडी कार्यालय में पेश हुए थे। गिरफ्तारी से राहत के लिए उन्होंने दो बार अलीपुर अदालत में जमानत की अर्जी दी थी, लेकिन दोनों बार उन्हें राहत नहीं मिली।