लगातार दो दिन कार पर हमले का आरोप, सुरक्षा के लिए हाई कोर्ट पहुंचे कुणाल घोष
टीएमसी विधायक कुणाल घोष ने लगातार दो दिन अपनी कार पर हमले का आरोप लगाते हुए कलकत्ता हाई कोर्ट से सुरक्षा की मांग की है।

कुणाल घोष ने कार पर हमले के बाद हाई कोर्ट से मांगी सुरक्षा।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । ममता टीएमसी के विधायक कुणाल घोष ने लगातार दो दिन अपनी कार पर हमले का आरोप लगाते हुए सुरक्षा की मांग पर कलकत्ता हाई कोर्ट का रुख किया है। उन्होंने पुलिस से भविष्य में इस तरह के हमले रोकने के लिए कदम उठाने या उन्हें सुरक्षा देने की मांग की है।
कुणाल के वकील विश्वरूप भट्टाचार्य ने मामले की तत्काल सुनवाई का अनुरोध किया था, लेकिन न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने इसे स्वीकार नहीं किया। अदालत ने कहा कि मामला सामान्य प्रक्रिया के तहत सुनवाई सूची में आएगा।
कुणाल के अनुसार, शनिवार को श्रीरामपुर में ममता बनर्जी की सभा में जाते समय उत्तरपाड़ा में उनकी कार पर पत्थर और अंडे फेंके गए। कार के शीशे टूटने के कारण वह सभा में नहीं पहुंच सके।
रविवार को बेलियाघाटा में घर से निकलने के बाद फिर उनकी कार को निशाना बनाए जाने का दावा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग रिवाल्वर लेकर उनका पीछा कर रहे थे और बाद में हथौड़े से कार के शीशे तोड़ने की कोशिश की गई।
पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप
कुणाल ने दावा किया कि उनकी कार का नारकेलडांगा तक पीछा किया गया और बाइक सवारों ने रास्ता रोक दिया। इस दौरान सुरक्षा कर्मियों को हथियार निकालने पड़े। विधायक ने घटना के पीछे भाजपा का हाथ होने का आरोप लगाया और पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाया है। इसी आधार पर उन्होंने हाई कोर्ट से सुरक्षा की मांग की है।
