बंगाल: घर में आग लगने से झुलसे TMC विधायक बायरन विश्वास, CM शुभेंदु ने जताई चिंता
सागरदिघी के तृणमूल कांग्रेस विधायक बायरन विश्वास मुर्शिदाबाद के धुलियान स्थित अपने घर में आग लगने से झुलस गए, जिसके बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए कोलकाता ले जाया गया।
-1791038815518_m.webp)
TMC विधायक बायरन विश्वास घर में लगी आग (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
तृणमूल विधायक बायरन विश्वास घर में आग लगने से झुलसे।
घटना मुर्शिदाबाद के धुलियान स्थित उनके आवास पर हुई।
बेहतर इलाज के लिए उन्हें कोलकाता के अस्पताल ले जाया गया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता । मुर्शिदाबाद के धुलियान स्थित अपने घर में आग लगने से सागरदिघी के तृणमूल कांग्रेस विधायक बायरन विश्वास झुलस गए। घटना शनिवार सुबह करीब 10 बजे की है। उन्हें पहले उनके बनाए अस्पताल ले जाया गया। बाद में बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के अस्पताल में ले जाया गया।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, आग लगने के समय बायरन घर में ही थे। झुलसने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया। मुर्शिदाबाद मेडिकल कालेज के अधीक्षक अनिंद्य गोस्वामी ने बताया कि दोपहर करीब 12 बजे परिवार की ओर से विधायक को मेडिकल कालेज लाने की सूचना दी गई थी।
इसके बाद बर्न ट्रीटमेंट की पूरी तैयारी कर चिकित्सकों को तैयार रखा गया, लेकिन बायरन वहां नहीं पहुंचे। घटना की सूचना मिलते ही दमकल और पुलिस की टीम विधायक के घर पहुंची।
आग लगने की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस और दमकलकर्मी पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बायरन के घायल होने पर चिंता जताते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
