नदिया में तृणमूल नेता की हत्या
murder of tmc leader. कालीगंज थानांतर्गत देवग्राम फाड़ी अंचल में तृणमूल नेता अब्दुल जलील शेख की अज्ञात लोगों ने हत्या कर दी।
नदिया, संवाद सूत्र। कालीगंज थानांतर्गत देवग्राम फाड़ी अंचल में स्थानीय तृणमूल नेता अब्दुल जलील शेख (42) की अज्ञात लोगों ने नृशंस हत्या कर दी। शुक्रवार रात 8.30 बजे घर लौट रहे जलील शेख को चार-पांच लोगों ने घेरकर काफी नजदीक से गोली मारी। गोली लगने से जख्मी होकर वे जमीन पर गिर गए। इसके बाद हत्यारों ने चापड़ से वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। मृतक स्थानीय तृणमूल अंचल अध्यक्ष भी थे।
इस घटना के प्रकाश में आते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे और हत्यारों को गिरफ्तार करने की माग पर उन्होंने देवग्राम फाड़ी का घेराव किया। फाड़ी के सामने की सड़क पर अवरोध भी किया गया। तनाव को देखते हुए वहां बड़ी संख्या में पुलिस व रैफ के जवानों को तैनात किया गया। पुलिस के प्रयास से पथावरोध समाप्त हुआ। पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन लोगों को थाने में रोक रखा है।
मृतक राजरामपुर की घोड़ाई पंचायत की सदस्या तृणमूल कांग्रेस की अकीबा बीबी के पति थे। जलील शेख पहले माकपा कार्यकर्ता थे। बाद में वह तृणमूल में शामिल हो गए थे। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद उनके शव के इलाके में पहुंचने पर फिर एक बार तनाव फैल गया। उनकी हत्या का कारण स्पष्ट नही हो पाया है। पुलिस ने मामले की जाच शुरू की है।