विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: नंदीग्राम-रेजिनगर में ऋतब्रत बनर्जी गुट ने भी उतारे प्रत्याशी, TMC के दोनों गुटों में सिंबल को लेकर खींचतान

Published: Mon, 14 Sep 2026 08:32 PM (IST)

ऋतब्रत बनर्जी गुट ने नंदीग्राम और रेजिनगर उपचुनाव के लिए अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, जिससे ममता बनर्जी गुट ...और पढ़ें

TMC के दोनों गुटों में प्रतीक को लेकर बढ़ा टकराव (फाइल फोटो)

TMC के दोनों गुटों में प्रतीक को लेकर बढ़ा टकराव (फाइल फोटो)

HighLights

  1. ऋतब्रत गुट ने नंदीग्राम, रेजिनगर उपचुनाव के लिए प्रत्याशी उतारे

  2. ममता गुट के प्रत्याशियों से सीधा चुनावी मुकाबला तय हुआ

  3. चुनाव आयोग 16 सितंबर को प्रतीक विवाद पर फैसला देगा

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । प्रतीक को लेकर चल रही खींचतान के बीच ऋतब्रत बनर्जी गुट की तृणमूल ने नंदीग्राम और रेजिनगर विधानसभा उपचुनाव के लिए सोमवार शाम अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी।

नंदीग्राम से एहताशुल हक और रेजिनगर से सफीउज्जमान शेख चुनाव लड़ेंगे। दोनों सीटों पर ममता बनर्जी गुट की तृणमूल पहले ही संचिता प्रधानी दे और रबिउल आलम चौधरी को प्रत्याशी घोषित कर चुकी है। इससे दोनों गुटों के बीच सीधा चुनावी मुकाबला तय माना जा रहा है।

ऋतब्रत बनर्जी ने कहा कि उनका गुट ही असली तृणमूल कांग्रेस है और वह उपचुनाव में जोड़ा फूल प्रतीक पर ही लड़ेगा। प्रतीक पर दावे को लेकर दोनों गुटों ने चुनाव आयोग के समक्ष अपने दस्तावेज और पक्ष रखे हैं।

आयोग ने 16 सितंबर को दोनों पक्षों को समय दिया है, जबकि नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 18 सितंबर है। अब आयोग के फैसले पर सबकी नजर है।

तृणमूल के वोट बैंक पर नजर

नंदीग्राम में लंबे समय से चर्चा थी कि पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद चुनाव लड़ सकती हैं। ऋतब्रत बनर्जी गुट ने कहा था कि ममता के मैदान में उतरने पर वह उम्मीदवार नहीं देगा।

ममता के चुनाव नहीं लड़ने के बाद गुट ने दोनों सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए। इससे तृणमूल के वोट बैंक के दो खेमों में बंटने की आशंका बढ़ गई है। ऐसे में भाजपा के खिलाफ मुकाबले से ज्यादा दोनों तृणमूल गुटों की चुनावी टक्कर पर नजर रहेगी।