TMC विवाद: ऋतब्रत गुट ने लगाया हलफनामा के दस्तावेज छीनने की कोशिश का आरोप, कुणाल घोष ने किया पलटवार
तृणमूल कांग्रेस के दोनों गुटों के बीच असली दावेदार होने के प्रमाण जुटाने को लेकर विवाद दिल्ली तक पहुंच गया है।

ऋतब्रत गुट ने हलफनामा छीनने की कोशिश का लगाया आरोप
HighLights
ऋतब्रत गुट ने हलफनामे छीनने की कोशिश का आरोप लगाया।
हरियाणा सीमा के पास ट्रक पर हमला कर दस्तावेज छीनने का प्रयास।
ममता गुट ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। तृणमूल कांग्रेस के असली दावेदार होने के प्रमाण जुटाने को लेकर पार्टी के दोनों गुटों के बीच जारी विवाद अब दिल्ली जा रहे दस्तावेजों तक पहुंच गया है।
ऋतब्रत बनर्जी के नेतृत्व वाले गुट ने सोमवार को आरोप लगाया कि चुनाव आयोग में जमा करने के लिए हलफनामे के दस्तावेज सड़क मार्ग से दिल्ली ले जाए जा रहे थे, तभी हरियाणा सीमा के पास एक ट्रक पर हमला कर कागजात छीनने की कोशिश की गई। इस घटना के पीछे ममता बनर्जी गुट का हाथ होने का संदेह भी जताया गया है।
ऋतब्रत ने सोशल मीडिया पर दावा किया कि ममता गुट के दस्तावेज 25 अक्टूबर की शाम चार्टर्ड विमान से दिल्ली पहुंचा दिए गए थे, जबकि आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण उनके गुट को हलफनामे सड़क मार्ग से भेजने पड़े। उनके अनुसार, सोमवार तड़के करीब साढ़े तीन बजे ट्रक पर कब्जा करने और दस्तावेज छीनने की कोशिश हुई। उनके गुट के विधायक अखरुज्जमां ने भी इस आरोप को दोहराया।
ममता गुट ने आरोपों को नकारा
ममता समर्थक विधायक कुणल घोष ने आरोपों को निराधार बताते हुए उलटे ऋतब्रत गुट पर पुलिस के इस्तेमाल का आरोप लगाया। तृणमूल की राज्यसभा सदस्य डोला सेन ने भी इन दावों का मजाक उड़ाते हुए खारिज किया। इससे पहले ममता बनर्जी ने आरोप लगाया था कि भाजपा दबाव और पैसे के जरिए लोगों को प्रभावित कर रही है तथा हलफनामे की प्रक्रिया में बाधाएं पैदा की जा रही हैं।
बता दें कि चुनाव आयोग ने तृणमूल के चुनाव चिह्न जोड़ा फूल को फ्रीज कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने 28 सितंबर को दोनों गुटों को चार सप्ताह के भीतर आयोग के समक्ष हलफनामा जमा करने और आयोग को तीन महीने में अंतिम फैसला लेने का निर्देश दिया था।
