West Bengal: बंगाल में भाजपा नेता की हत्या के मामले में तीन टीएमसी कार्यकर्ता गिरफ्तार
West Bengal बंगाल में भाजपा नेता सैकत भोवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने तीनों लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों ही तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ता बताए गए हैं। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को इलाके के बीजपुर थाने के समक्ष भाजपा नेता के शव को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। West Bengal: बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में शनिवार की शाम भाजपा नेता सैकत भोवाल की हत्या के मामले में पुलिस ने तीनों लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों ही तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कार्यकर्ता बताए गए हैं। वहीं, भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को इलाके के बीजपुर थाने के समक्ष भाजपा नेता के शव को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया तथा आरोपितों की कड़ी से कड़ी सजा की मांग की। दरअसल, विधानसभा चुनाव से पहले बंगाल में राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है। इस कड़ी में शनिवार की शाम उत्तर 24 परगना जिले के हालीशहर में भाजपा के गृह संपर्क अभियान के दौरान कथित तृणमूल कांग्रेस के कुछ बदमाशों ने धारदार हथियार तथा राड-डंडे से हमला कर दिया था।
इस दौरान एक भाजपा नेता की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। छह कार्यकर्ताओं की हालत अभी भी गंभीर है। मृत भाजपा नेता का नाम सैकत भोवाल है तथा वह पार्टी के बूथ अध्यक्ष बताए गए हैं। शनिवार देर रात पुलिस ने अभियान चलाकर तीन लोगों को गिरफ्तार किया तथा तीनों ही तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता बताए गए हैं। तीनों को रविवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उन्हें कोर्ट ने 14 दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया। वहीं भाजपा कार्यकर्ताओं ने रविवार को इलाके के बीजपुर थाने के समक्ष भाजपा नेता के शव को लेकर विरोध-प्रदर्शन किया तथा आरोपितों की कड़ी से कड़ी सजा की मांग की। इलाके में अभी भी तनाव का माहौल है।
इधर, बैरकपुर के भाजपा सांसद अर्जुन सिंह ने कहा है कि यह हमला तृणमूल कांग्रेस के बदमाशों की ओर से किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेता सुबोध अधिकारी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में तृणमूल के बदमाशों ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला बोला। इन्हें पुलिस का समर्थन मिल रहा है। गौरतलब है कि बंगाल में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हिंसा बढ़ गई है।