दुर्गापुर के कांकसा में मां के शव के साथ दो दिन घर में रहा बेटा, दुर्गंध आने पर पहुंची पुलिस
दुर्गापुर के कांकसा थाना के पानागढ़ रेलपार टंकी तला इलाके में दो दिनों से एक दिव्यांग बेटा अपनी मां के शव के साथ घर में रहा रहा था। गुरुवार को घर से दुर्गंध निकलने पर पड़ोसियों की सूचना पर पुलिस ने शव को बरामद किया।
दुर्गापुर, जागरण संवाददाता: दुर्गापुर के कांकसा थाना के पानागढ़ रेलपार टंकी तला इलाके में दो दिनों से एक दिव्यांग बेटा अपनी मां के शव के साथ घर में रहा रहा था। गुरुवार को घर से दुर्गंध निकलने पर पड़ोसियों को संदेह हुआ। लोगों की सूचना पर पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़कर शव को बरामद किया। अनुमान किया जा रहा है कि महिला की मौत दो-तीन दिन पहले हुई है।
कांकसा में घर में तापस बनर्जी अपनी 75 वर्षीय मां बनश्री बनर्जी के साथ रहता था। बूढ़ी मां व बेटे के अलावा उनका कोई नहीं था। बेटे की मानसिक हालत कमजोर है। मां ही बेटे की जिम्मेदारी उठाती थी। गुरुवार की सुबह उनके घर से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को संदेह हुआ। सूचना मिलने पर कांकसा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। जहां देखा कि बूढ़ी मां का शव बिस्तर पर पड़ा था। बेटा भी वहीं पड़ा हुआ था। जानकारी मिलने पर आसपास के लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तापस के पिता पूर्व रेलवे कर्मी थे, उनकी मौत के बाद मां-बेटा यहां अकेले रहते थे। मां ही घर का सब काम करती थी। दो दिन से इनलोगों को घर के बाहर नहीं देखा गया था। इस दरम्यान ही महिला की मौत हुई है। इसके दो दिन पहले भी ऐसी ही घटना दुर्गापुर इस्पातनगरी में सामने आई थी। जहां बेटे की मौत से अनभिज्ञ मां घर मे थी। घर से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को पता चला तब जाकर पुलिस ने शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा था।