नशे में चूर युवक को देख भौंकने लगे कुत्ते, शराबी युवक ने कुत्ते का कान काटा, गिरफ्तार
शराब के नशे में धुत युवक ने घटना को अंजाम दिया है। उसने कुत्ते का कान काट लिया है। इस अमानवीय घटना की तीव्र निंदा हो रही है।
हुगली, संवाद सूत्र। कुत्ते द्वारा मानव को जख्मी करने की घटनाएं आए दिन होती रहती हैं। लेकिन अब एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसे सुन शायद आप आश्चर्य करें। एक युवक द्वारा कुत्ते पर हमला कर उसे काटकर जख्मी करने की अमानवीय घटना सामने आई है।
शराब के नशे में धुत युवक ने घटना को अंजाम दिया है। उसने कुत्ते का कान काट लिया है। इस अमानवीय घटना की तीव्र निंदा हो रही है। इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित शंभु टाली को गिरफ्तार कर लिया है। इधर इस घटना को लेकर इलाके में पूरे दिन चर्चा का माहौल रहा।
मिली जानकारी के अनुसार रविवार की रात को उत्तरपाड़ा थाना क्षेत्र के मखला स्थित एक नंबर गवर्नमेंट कालोनी से होकर शंभु टाली नामक युवक शराब के नशे में धुत होकर जा रहा था। इस दौरान वह लड़खड़ा रहा था। स्थानीय लोगों के अनुसार उसे देख इलाके के आवारा कुत्ते भौंकने लगे। उन कुत्तों को उसने चुप कराने की काफी कोशिश की।
हालांकि वे नहीं माने। इस पर उसने इनमें से एक कुत्ते का कान काट लिया। इस कृत्य को देख स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ लिया और पुलिस के हाथों सौंप दिया। लोगों के अनुसार उसकी संदिग्ध चाल को देख कुत्ते संभवत: भौंकने लगे।
लोगों ने बताया कि कुत्ते अपने स्वभाव के अनुरूप ऐसा कर रहे थे। हालांकि शराब के नशे में चूर युवक द्वारा की गई घटना पूरी तरह से अमानवीय है।