शुभ्रनील के माउथ ऑर्गन की धुन सुनकर बिग बी बोले, अद्भुत...अद्भुत... अद्भुत!
17 साल के शुभ्रनील के माउथ ऑर्गन बजाने की कला की देशभर में हो रही है तारीफ। शुभ्रनील के माउथ ऑर्गन की धुन सुनकर बिग बी बोले अद्भुत...अद्भुत... अद्भुत!
कोलकाता, विशाल श्रेष्ठ। वह जब माउथ ऑर्गन बजाता हैं तो सुनने वाले उसकी धुन में खो जाते हैं।बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन भी उसके माउथ ऑर्गन की धुन सुनकर तारीफ के पुल बांधे बिना नहीं रह पाएं। माउथ ऑर्गन से अद्भुत धुनें निकालने वाला यह शख्स है 17 साल का शुभ्रनील सरकार।
हावड़ा के उलबेरिया इलाके के लतीबपुर के रहने वाले शुभ्रनील के माउथ ऑर्गन बजाने की कला की आज देशभर में तारीफ हो रही है।कोरोना से संक्रमित होकर मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती अमिताभ बच्चन ने जब सोशल मीडिया पर शुभ्रनील का माउथ ऑर्गन बजाता वीडियो देखा तो वे भी उसकी तारीफ किए बिना नहीं रह पाए।
बिग बी ने ट्वीट कर कहा-'माउथ ऑर्गन से ऐसा सुर मैंने कभी नहीं सुना। अद्भुत... अद्भुत... अद्भुत!' बिग बी के मुंह से ऐसी प्रशंसा सुनकर शुभ्रनील अभिभूत है। उसने कहा-'मैंने सपने में भी नहीं सोचा था कि बिग बी मेरी इतनी तारीफ करेंगे।'
अमिताभ की नजर में जो वीडियो आया है, उसे शुभ्रनील ने एक साल पहले यूट्यूब पर अपलोड किया था। बांग्ला संगीत जगत की कई हस्तियां भी शुभ्रनील की तारीफ कर चुकी हैं। शुभ्रनील ने बताया-' मैं पांच साल की उम्र से माउथ ऑर्गन बजाना सीख रहा हूं। बॉलीवुड गाने, रवींद्र व पाश्चात्य संगीत से लेकर सभी शास्त्रीय राग माउथ ऑर्गन से बजा लेता हूं।' बिग बी ने शुभ्रनील की जिस धुन की तारीफ की है, वह वृंदावनी राग है।
शुभ्रनील फिल्म 'शोले' में अमिताभ अभिनीत किरदार जय द्वारा माउथ ऑर्गन से बजाई गई धुन भी बड़े चाव से बजाता है। वह फिल्मों में बैकग्राउंड म्यूजिक भी दे चुका है। उसने 2015 में मलयालम फिल्म 'प्रेमम' और पिछले साल बांग्ला फिल्म 'उड़ान' का बैकग्राउंड म्यूजिक दिया था।
शुभ्रनील आगे चलकर संगीतकार बनना चाहता है। राहुल देव बर्मन और एआर रहमान उसके पसंदीदा संगीतकार हैं। शुभ्रनील ने 2012 में ऑल इंडिया माउथ ऑर्गन कांपिटिशन में पहला पुरस्कार जीता था। उसके पिता सुबीर सरकार होम्योपैथिक चिकित्सक और मां बासवी सरकार गृहिणी हैं। शुभ्रनील उलबेरिया हाई स्कूल में 12वीं का छात्र है। माउथ ऑर्गन के अलावा उसे पियानो, गिटार और मेलोडिका बजाने में भी महारत हासिल है।