PIB के प्रेस टूर पर पहली बार कोलकाता पहुंचा तेलंगाना के पत्रकारों का दल, सुंदरबन और अंडरवाटर मेट्रो का करेंगे दौरा
तेलंगाना के 10 पत्रकारों का एक दल केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय के पीआईबी प्रेस टूर पर पहली बार कोलकाता पहुंचा ...और पढ़ें
-1789922549466_m.webp)
पीआईबी प्रेस टूर पर तेलंगाना के पत्रकार कोलकाता पहुंचे
HighLights
तेलंगाना के पत्रकार पहली बार कोलकाता में पीआईबी प्रेस टूर पर।
रक्षा, पर्यावरण, वैज्ञानिक अनुसंधान और शहरी बुनियादी ढांचे का अध्ययन।
सुंदरबन में मैंग्रोव, टाइगर संरक्षण, अंडरवाटर मेट्रो का दौरा।
जागरण संवाददाता, कोलकाता । केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्रालय अंतर्गत पत्र सूचना कार्यालय (पीआइबी), हैदराबाद की ओर से तेलंगाना के पत्रकारों के लिए आयोजित पांच दिवसीय प्रेस टूर पर रविवार को 10 सदस्यीय पत्रकारों का दल कोलकाता पहुंचा।
यह पहली बार है जब कोलकाता में किसी राज्य से पीआइबी का प्रेस टूर का आयोजन हो रहा है। 21 से 25 सितंबर तक कोलकाता और सुंदरबन के पांच दिवसीय प्रेस टूर में तेलंगाना से आने वाला यह मीडिया प्रतिनिधिमंडल बंगाल में रक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, पर्यावरण संरक्षण, बुनियादी ढांचे और संस्कृति से जुड़ी विभिन्न पहलों को जमीनी स्तर पर समझेगा।
पीआइबी कोलकाता की ओर से बताया गया कि प्रेस टूर की शुरुआत सोमवार को रक्षा क्षेत्र के सार्वजनिक उपक्रम गार्डनरीच शिपबिल्डर्स एंड इंजीनियर्स (जीआरएसई) और विजय दुर्ग (पूर्व नाम- फोर्ट विलियम) स्थित पूर्वी सेना कमान मुख्यालय के दौरे से होगी। इसके बाद पत्रकारों का पीआइबी कोलकाता में संवाद होगा। इस दौरान उन्हें संबंधित संस्थानों के अधिकारियों और विशेषज्ञों से बातचीत का अवसर मिलेगा।
22 और 23 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल सुंदरबन का दौरा करेगा। यहां मैंग्रोव संरक्षण और प्रबंधन, कोरल रीफ योजना, एमआइएसएचटीआइ (मैंग्रोव इनिशिएटिव फार शोरलाइन हैबिटेट्स एंड टैंजिबल इनकम्स), ग्रीन इंडिया मिशन के तहत पारिस्थितिकी पुनर्बहाली तथा प्रोजेक्ट टाइगर के तहत रायल बंगाल टाइगर के संरक्षण प्रयासों की जानकारी दी जाएगी।
24 सितंबर को कोलकाता में केंद्रीय कांच एवं सिरेमिक अनुसंधान संस्थान-इंडियन इंस्टीट्यूट आफ सिरेमिक्स, टी बोर्ड और अंडरवाटर मेट्रो का दौरा करेंगे। 25 सितंबर को प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय पुस्तकालय और साइंस सिटी जाएगा। इसके अलावा बंगाल के राज्यपाल के साथ भी संवाद होगा।
पीआइबी के अनुसार, प्रेस टूर के माध्यम से तेलंगाना के पत्रकारों को यहां भारत की समुद्री एवं रक्षा क्षमताओं, वैज्ञानिक अनुसंधान, जैव विविधता संरक्षण, सतत विकास, शहरी बुनियादी ढांचे और सांस्कृतिक संस्थानों से जुड़ी पहलों का प्रत्यक्ष अनुभव मिलेगा।
क्षेत्रीय दौरे और विशेषज्ञों के साथ संवाद के माध्यम से पत्रकार जमीनी स्तर पर हो रहे विकास और संरक्षण कार्यों को समझकर अपने पाठकों-दर्शकों तक पहुंचा सकेंगे।
