जमीन से निकाला गया किशोरी का कंकाल, सात माह पहले हुई थी लापता
दक्षिण 24 परगना जिले के बासंती पूर्व बयार सिंह इलाके से बुधवार को जमीन खोद कर एक किशोरी का कंकाल निकाला गया। उसकी पहचान सुजाता मंडल के रुप में हुई है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : दक्षिण 24 परगना जिले के बासंती पूर्व बयार सिंह इलाके से बुधवार को जमीन खोद कर एक किशोरी का कंकाल निकाला गया। उसकी पहचान सुजाता मंडल के रुप में हुई है। 12 वर्षीय सुजाता सात माह पहले अचानक लापता हो गई थी। संदेह के आधार पर पुलिस ने इलाके के ही एक युवक को गिरफ्तार किया है। उसका नाम सनातन सरदार है।
उसी से पूछताछ और उसकी निशानदेही पर किशोरी का कंकाल जमीन खोद कर बाहर निकाला गया। पुलिस ने कंकाल को जांच के लिए लैब भेज दिया है, ताकि मौत के कारणों का पता लगाया जा सके। जानकारी के मुताबिक बासंती निवासी गोवर्धन मंडल नामक व्यक्ति की 12 वर्षीय बेटी काकद्वीप स्थित एक स्कूल के हॉस्टल में रह कर पढ़ाई करती थी। 2018 में दुर्गापूजा के समय सुजाता अपने घर आई हुई थी। नवमी के दिन वह सनातन और उसके एक दोस्त के साथ प्रतिमा दर्शन के लिए घर से निकली थी। लेकिन घर वापस नहीं लौटी। वह तभी से लापता हो गई थी। काफी तलाशी के बाद भी सुजाता को कोई पता नहीं चला। तब थक हार कर नवंबर में परिजनों ने बासंती थाने और चाइल्ड लाइन में सुजाता के लापता होने संबंधी शिकायत दर्ज कराई गई थी। मामले की जांच में जुटी पुलिस ने पिछले सप्ताह संदेह के आधार पर इलाके के ही सनातन सरदार उर्फ बुलेट नामक युवक को गिरफ्तार किया था।
पूछताछ में सनातन से सुजाता की गला घोंट कर हत्या करने की बात स्वीकार की थी। उसकी निशानदेही पर इस दिन बासंती के बीडीओ सौगत साहा, एसडीपीओ देवीदयाल कुंडू, ब्लॉक स्वास्थ्य अधिकारी और बासंती थाने के ओसी सौमेन विश्वास के नेतृत्व में एक टीम पहुंची और जमीन खोद कर किशोरी का कंकाल बाहर निकाला गया। मृतका के पिता गोवर्धन मंडल का आरोप है कि उसकी बेटी का दुष्कर्म करने के बाद गला घोंट कर हत्या की गई है। जिसने उसकी बेटी की हत्या की है, उसे फांसी की सजा मिले। उधर, गिरफ्तार सनातन ने बताया कि सुजाता ने शारीरिक संबंध बनाने के बाद उससे पैसे मांगे थे। पैसे नहीं देने पर ब्लैकमेल करने लगी थी। इसी कारण परेशान होकर उसने सुजाता की हत्या कर दी। आरोपित का बयान सुनने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।