विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 09, 2019 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Triple Murder in Bengal: मुर्शिदाबाद में शिक्षक दंपती और बेटे की नृशंस हत्या

By Sachin MishraEdited By:
Published: Wed, 09 Oct 2019 06:01 PM (IST)

Teacher couple. बंगाल के मुर्शिदाबाद में शिक्षक दंपती और बेटे की नृशंस हत्या का मामला सामने आया है।

Triple Murder in Bengal: मुर्शिदाबाद में शिक्षक दंपती और बेटे की नृशंस हत्या
Triple Murder in Bengal: मुर्शिदाबाद में शिक्षक दंपती और बेटे की नृशंस हत्या

जागरण संवाददाता, मुर्शिदाबाद। विजय दशमी पर घर में शिक्षक, उनकी गर्भवती पत्‍‌नी और आठ वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से नृशंस हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल से हत्या में प्रयोग किए गए धारदार हथियार को बरामद किया है। हत्या की वजह को लेकर पुलिस संशय में है। संदेह के आधार पर मृतक परिवार के अन्य सदस्यों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद घर से निकलने वाले एक युवक की भी तलाश की जा रही है। उधर, हत्याकांड को लेकर इलाके में तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने घटना की सीबीआइ जांच कराए जाने की मांग की है। प्राथमिक जांच में संपत्ति के विवाद में हत्याकांड को अंजाम दिए जाने का अनुमान लगाया जा रहा है।

सूत्रों के अनुसार मूल रूप से जिले के सागरदीघी निवासी बंधु प्रकाश पाल 17 नंबर साहापुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक थे। बताया गया कि शिक्षक राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सदस्य भी थे। करीब पांच वर्षों से शिक्षक अपनी पत्‍‌नी ब्यूटी मंडल और आठ वर्षीय बेटे बंधु अंगन पाल के साथ जियागंज के लेबूतला में रह रहे थे। बीते मंगलवार यानी विजय दशमी की सुबह करीब दस बजे प्रकाश बाजार से लौटे थे। इसके बाद दोपहर करीब साढ़े ग्यारह बजे उनके घर से चीखने चिल्लाने की आवाज सुनाई दी। इस पर आसपास के लोग शिक्षक के घर जा पहुंचे। आरोप है कि उस वक्त एक युवक को घर के अंदर से निकलकर भागते हुए देखा गया था। घर के अंदर का नजारा देख लोगों के पैरों तले जमीन खिसक गई।

बिस्तर पर शिक्षक तथा जमीन पर बेटा जबकि बराबर के कमरे में पत्‍‌नी की खून में सनी लाश पड़ी थी। धारदार हथियार से प्रहार कर तीनों को मौत के घाट उतारा गया था। मृतक महिला आठ माह की गर्भवती भी बताई गई है। सूचना पर पहुंची जियागंज थाना पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घर से हत्या में प्रयोग किए गए धारदार हथियार को भी बरामद किया गया है। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने घटनास्थल से नमूने एकत्र किए। स्निफर डॉग के साथ इलाके की जांच पड़ताल की गई। पुलिस की प्राथमिक जांच में ट्रिपल मर्डर के पीछे संपत्ति विवाद का माना जा रहा है। हालांकि हत्याकांड की ठोस वजह को लेकर पुलिस संशय में है।

घटना के बाद शिक्षक के घर से निकलने वाले युवक की तलाश की जा रही है। मृतक परिवार के अन्य सदस्यों एवं आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। घटना के दूसरे दिन भी पुलिस हत्यारों तक नहीं पहुंच सकी है। उधर, स्थानीय लोगों ने हत्याकांड की जांच सीबीआइ से कराए जाने की मांग की है।

बंगाल की अन्य खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें