2019 में चाय निर्यात में तीन फीसद की गिरावट
पिछले साल चाय के निर्यात में तीन फीसद की गिरावट दर्ज की गई है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता : पिछले साल चाय के निर्यात में तीन फीसद की गिरावट दर्ज की गई है। टी बोर्ड के आंकड़ों के अनुसार 2019 में चाय निर्यात 248.29 मिलियन किलोग्राम रहा, जबकि 2018 में यह 256.06 मिलियन किलोग्राम दर्ज हुआ था। पिछले वर्ष के दौरान मूल्य प्राप्ति 5610.65 करोड़ रुपये रही, जो 2018 की तुलना में 275 करोड़ रुपये अधिक थी। भारतीय चाय के प्रमुख आयातक सीआइएस देश थे, लेकिन वहां निर्यात में काफी गिरावट दर्ज हुई है। सीआइएस देशों ने पिछले साल भारत से 59.13 मिलियन किलोग्राम चाय का ही आयात किया, जो 2018 की तुलना में 63 मिलियन किलोग्राम कम था। यूके में भी चाय निर्यात में गिरावट दर्ज की गई है। 2018 के 15.71 मिलियन किलोग्राम की तुलना में 2019 में यूके ने 11.74 किलोग्राम चाय का ही आयात किया। पाकिस्तान ने भी पिछले वर्ष भारत से महज 6.23 मिलियन किलोग्राम चाय का आयात किया, जबकि 2018 में यह आंकड़ा 15.84 मिलियन किलोग्राम का था। इसके विपरीत ईरान ने भारतीय चाय में दिलचस्पी दिखाते हुए पिछले साल 53.45 मिलियन किलोग्राम चाय का आयात किया, जो 2018 में यह 30.78 मिलियन किलोग्राम था।
वहीं, दुनिया में सबसे ज्यादा चाय पीने वाले देश चीन ने भारत से पिछले साल 13.45 मिलियन किलोग्राम चाय का आयात किया, जो 2018 में 10.31 मिलियन किलोग्राम था। चाय उद्योग के सूत्रों का कहना है कि दो प्रमुख चाय उत्पादक देशों केन्या और श्रीलंका के साथ प्रतिस्पर्धा करने के लिए भारत को सीआइएस देशों को कम दर पर चाय निर्यात के लिए आगे बढ़ना चाहिए।
गौरतलब है कि भारत से चाय का निर्यात पाकिस्तान, चीन और ईरान के अलावा जर्मनी और सीआइएस देशों को होता है।