पानीहाटी नगरपालिका के प्रशासक बोर्ड के चेयरमैन स्वपन घोष की कोरोना से मौत
घोष 66 साल के थे और अविवाहित थे। सूत्रों ने कहा कि घोष को 4 अगस्त को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था और अगले दिन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना के पानीहाटी नगरपालिका के बोर्ड ऑफ एडमिनिस्ट्रेटर्स (प्रशासक बोर्ड) के चेयरमैन स्वपन घोष का गुरुवार को कोविड-19 के चलते एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। उनके पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। घोष 66 साल के थे और अविवाहित थे। सूत्रों ने कहा कि घोष को 4 अगस्त को कोरोना पॉजिटिव पाया गया था और अगले दिन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
पश्चिम बंगाल विधानसभा में तृणमूल कांग्रेस के मुख्य सचेतक उनके भाई निर्मल घोष के अनुसार स्वपन गुर्दे व डायबिटीज जैसी बीमारियों से भी पीड़ित थे। घोष 2015 से पानीहाटी नगर पालिका के अध्यक्ष थे। कुछ महीने पहले उनका कार्यकाल समाप्त होने के बाद राज्य सरकार द्वारा पालिका के संचालन के लिए नियुक्त बोर्ड ऑफ एडमिनिस्ट्रेटर्स का उन्हें अध्यक्ष बनाया गया था।
उनके परिवार के सूत्रों ने कहा कि विधानसभा में तृणमूल के मुख्य सचेतक उनके भाई निर्मल घोष भी कोविड-19 पॉजिटिव पाए गए थे लेकिन वह इलाज के बाद ठीक हो गए। बताते चलें कि इससे पहले तृणमूल कांग्रेस के विधायक तमोनाश घोष का इस महामारी से जून में निधन हो गया था। एक दिन पहले गुरुवार को कोरोना की वजह से माकपा के वरिष्ठ नेता व राज्य के पूर्व परिवहन मंत्री श्यामल चक्रवर्ती (76) का भी निधन हो गया था।