विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'ममता को कटोरा देकर खाली हाथ भेजना है' हल्दिया पालिका चुनाव को लेकर बोले CM शुभेंदु

Published: Mon, 26 Oct 2026 03:54 PM (IST)

शुभेंदु अधिकारी ने हल्दिया नगरपालिका चुनाव में भाजपा को सभी 30 सीटों पर जीत दिलाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने ...और पढ़ें

हल्दिया पालिका चुनाव को CM शुभेंदु का ममता पर हमला (फाइल फोटो- PTI)

हल्दिया पालिका चुनाव को CM शुभेंदु का ममता पर हमला (फाइल फोटो- PTI)

HighLights

  1. शुभेंदु अधिकारी ने हल्दिया नगरपालिका में सभी 30 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा।

  2. ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस को चुनाव में रोकने का आह्वान।

  3. भाजपा की पूर्व मेदिनीपुर में लगातार चुनावी सफलताओं का जिक्र।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता । बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने अपने गृह जिले पूर्व मेदिनीपुर के नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव में भाजपा की बंपर जीत के बाद अब हल्दिया नगरपालिका चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को रोकने का लक्ष्य रखा है।

उन्होंने जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं से हल्दिया नगरपालिका की सभी 30 सीटों पर जीत के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया है।

सोमवार को पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए शुभेंदु ने कहा कि उन्हें हल्दिया में कटोरा लेकर खाली हाथ लौटाना है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता व तृणमूल ने भाजपा को काफी नुकसान पहुंचाया है और अब उसे ऐसा करने का मौका नहीं मिलना चाहिए।

शुभेंदु ने कहा कि हल्दिया नगरपालिका चुनाव को लेकर वह एक-दो दिनों में बैठक करेंगे। उन्होंने जिले के कार्यकर्ताओं से चुनावी अभियान में पूरी तरह जुटने की अपील की। उनके बयान का स्पष्ट संदेश था कि भाजपा को सभी 30 सीटों पर जीत के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ना है और तृणमूल को कोई सीट नहीं मिलने देनी है।

पूर्व मेदिनीपुर में चुनावी मुकाबले पर नजर

जिले में भाजपा की हालिया चुनावी सफलताओं के बीच हल्दिया नगरपालिका चुनाव पार्टी के लिए अहम है। इस साल अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिले की 16 की 16 सीटों पर शानदार जीत दर्ज की। इससे पहले 2024 के लोकसभा चुनाव में भी भाजपा ने पूर्व मेदिनीपुर की दोनों लोकसभा सीटों- कांथी व तमलुक में जीत दर्ज की थी।

पूर्व मेदिनीपुर शुभेंदु का गृह जिला है। लंबे समय से इस जिले में अधिकारी परिवार का खासा दबदबा है। अब हल्दिया नगरपालिका की सभी 30 सीटों पर जीत हासिल करने का लक्ष्य रखकर भाजपा स्थानीय निकाय चुनाव में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी कर रही है। नवंबर के अंत में राज्य में निकाय चुनाव होने की संभावना है।