विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'जमानत जब्त होगी, बड़ा चोर जेल जाएगा', नंदीग्राम में तृणमूल पर जमकर बरसे शुभेंदु अधिकारी

Published: Fri, 02 Oct 2026 09:22 PM (IST)

शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ के समर्थन में प्रचार करते हुए तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार ...और पढ़ें

शुभेंदु अधिकारी का तृणमूल पर बड़ा हमला (फाइल फोटो)

शुभेंदु अधिकारी का तृणमूल पर बड़ा हमला (फाइल फोटो)

HighLights

  1. शुभेंदु अधिकारी ने नंदीग्राम में भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ के लिए प्रचार किया

  2. उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और "बड़े चोर" को लेकर घेरा

  3. शुभेंदु ने नंदीग्राम के विकास और नई रेल सेवा का आश्वासन दिया

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। मुर्शिदाबाद के रेजीनगर के बाद शुक्रवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी पूर्व मेदिनीपुर जिले के नंदीग्राम पहुंचे और उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशी हासिरानी रथ के समर्थन में चुनाव प्रचार किया। नंदीग्राम के बीरुलिया की सभा में शुभेंदु ने तृणमूल कांग्रेस पर जोरदार निशाना साधते हुए उपचुनाव में उसके प्रत्याशी की जमानत जब्त कराने की अपील की।

भ्रष्टाचार के मुद्दे पर तृणमूल को घेरते हुए उन्होंने कहा कि सुमित राय जैसे लोग जेल गए हैं और अब ‘बड़ा चोर’ भी जेल जाएगा। बता दें कि नंदीग्राम सीट से हाल में अपने प्रत्याशी के नाम वापस लेने के बाद ममता तृणमूल- कांग्रेस के प्रत्याशी मिलन प्रधान का समर्थन कर रही हैं।

शुभेंदु ने मई में विधानसभा चुनाव के नतीजे आने के दो दिन बाद अपने पूर्व सहायक चंद्रनाथ रथ की हुई हत्या का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि उनके सहायक होने के कारण चंद्रनाथ की हत्या हुई और छह अक्टूबर को इसका ‘लोकतांत्रिक बदला’ लेने की अपील की।

नंदीग्राम उपचुनाव में चंद्रनाथ रथ की मां हासिरानी रथ भाजपा की प्रत्याशी हैं। शुभेंदु ने तृणमूल प्रत्याशी संचिता दे प्रधान पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने कांग्रेस और माकपा के राजनीतिक प्रभाव में कमी का दावा करते हुए भाजपा प्रत्याशी को बड़े अंतर से जिताने की अपील की।

मालूम हो कि बंगाल की दो विधानसभा सीटों- नंदीग्राम व रेजीनगर में छह अक्टूबर को चुनाव होना है। नतीजे नौ अक्टूबर को आएंगे। इस साल अप्रैल में हुए विधानसभा चुनाव में शुभेंदु ने नंदीग्राम के अलावा कोलकाता की भवानीपुर सीट से जीत दर्ज की थी। बाद में उन्होंने नंदीग्राम से इस्तीफा दे दिया था और भवानीपुर सीट बरकरार रखी थी। शुभेंदु के इस्तीफे के चलते नंदीग्राम में उपचुनाव हो रहा है।

विकास कार्यों का भी किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने सभा में नई सरकार के पांच महीने के कार्यकाल में नंदीग्राम में हुए विकास कार्यों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए पहले की तुलना में तीन गुना सहायता देने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने नंदीग्राम-देशप्राण-बाजकुल रेल सेवा शुरू करने का भी आश्वासन दिया। सभा में उन्होंने ओडिशा कोस्ट कैनाल के जीर्णोद्धार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था में बदलाव से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाने की बात कही।