विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: NCC यूनिट से 350 कारतूस चुराकर नेपाल ले जा रहा था हवलदार, SSB ने चेकिंग के दौरान पकड़ा

Published: Sun, 18 Oct 2026 01:01 PM (IST)

एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर पानीटंकी में एक नेपाली हवलदार को 350 जिंदा कारतूसों के साथ पकड़ा। आरोपी एनसीसी यूनिट ...और पढ़ें

NCC हवलदार के बैग से मिले 350 जिंदा कारतूस

 NCC हवलदार के बैग से मिले 350 जिंदा कारतूस

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी । भारत-नेपाल सीमा पर पानीटंकी में एसएसबी ने कारतूसों की खेप के साथ नेपाल के एक हवलदार को पकड़ा है। भारत से नेपाल जा रही टैक्सी में सवार आरोपित के सामान की तलाशी के दौरान .22 कैलिबर के 350 जिंदा कारतूस बरामद हुए।

पकड़ा गया व्यक्ति नेपाल का नागरिक गम बहादुर पुन (34) है। वह 13 बंगाल बटालियन एनसीसी में हवलदार के पद पर कार्यरत बताया गया है। दुर्गा पूजा के दौरान कारतूसों की बरामदगी ने सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। आरोपित को आर्म्स एक्ट के तहत खोरीबाड़ी थाना पुलिस ने रविवार सिलीगुड़ी महकमा अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड मांगा है।

एसएसबी की 41वीं वाहिनी के जवानों ने मेची नदी ब्रिज के चेकिंग प्वाइंट पर नियमित जांच के दौरान भारत से नेपाल जा रही एक टैक्सी को रोका। यात्रियों के सामान की जांच के दौरान एक बैग से संदिग्ध कारतूस मिले। गिनती करने पर कुल 350 जिंदा कारतूस बरामद हुए। जवानों ने एक मोबाइल फोन और दो सिम कार्ड भी जब्त किए।

प्राथमिक जांच के अनुसार, आरोपित पिछले तीन महीने से अपनी यूनिट में कोटे एनसीओ की जिम्मेदारी संभाल रहा था। पूछताछ में उसने एसएसबी को बताया कि यूनिट के रजिस्टर में कुछ कारतूस अतिरिक्त दर्ज थे। वरिष्ठ अधिकारियों की जानकारी के बिना ही उसमे अतिरिक्त 350 कारतूस निकाल लिए और छुट्टी पर नेपाल जाते समय उन्हें अपने साथ ले जा रहा था।

आरोपित ने पूछताछ में कथित तौर पर दावा किया कि वह नेपाल में पक्षियों के शिकार के लिए कारतूस ले जा रहा था। एसएसबी ने जब्त कारतूस, मोबाइल फोन और सिम कार्ड के साथ आरोपित को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए खोरीबाड़ी थाने की पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

एनसीसी के यूनिट से गोली चोरी का मामला सामने आने पर केंद्रीय ख़ुफ़िया एजेंसियों के कान भी खड़े हो गए हैं | एनसीसी के संबंधित यूनिट से भी एसएसबी और ख़ुफ़िया एजेंसियों ने संपर्क साधा है।