विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

SRFTI में फिर तनाव, कुलपति के इस्तीफे की मांग पर विद्यार्थियों का अनिश्चितकालीन धरना

Published: Mon, 12 Oct 2026 08:07 PM (IST)

सत्यजित राय फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) में कुलपति के इस्तीफे की मांग को लेकर विद्यार्थियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है।

SRFTI में फिर तनाव।

SRFTI में फिर तनाव।

HighLights

  1. विद्यार्थियों ने कुलपति के इस्तीफे की मांग पर धरना शुरू किया।

  2. 27 सितंबर और 4 अक्टूबर की घटनाओं पर प्रबंधन की भूमिका पर सवाल।

  3. आरएसएस से जुड़े संगठन के कार्यक्रम को लेकर हुआ था विवाद।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। सत्यजित राय फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (SRFTI) में एक बार फिर तनाव बढ़ गया है। कुलपति के इस्तीफे की मांग पर विद्यार्थियों के एक वर्ग ने सोमवार से परिसर में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया।

आंदोलनकारी विद्यार्थियों ने 27 सितंबर और चार अक्टूबर को परिसर के भीतर और बाहर हुई घटनाओं से निपटने में प्रबंधन की भूमिका पर सवाल उठाए हैं। उनका आरोप है कि बार-बार मांग रखने के बावजूद कुलपति ने उनसे बातचीत कर विवाद सुलझाने की पहल नहीं की।

आंदोलनकारी विद्यार्थियों का आरोप है कि दोनों घटनाओं के बाद संस्थान के अधिकारियों ने स्थिति संभालने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने में पर्याप्त तत्परता नहीं दिखाई। विद्यार्थियों का कहना है कि उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया गया और समस्याओं के समाधान के लिए संवाद की पहल भी नहीं हुई।

इसी के विरोध में उन्होंने कुलपति के इस्तीफे की मांग करते हुए अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया है। उनकी प्रमुख मांगों में हाल की घटनाओं के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई और विद्यार्थियों के साथ बातचीत कर विवाद का समाधान करना शामिल है।

आरएसएस से जुड़े संगठन के कार्यक्रम के विरोध में हुआ था विवाद

27 सितंबर को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़े एक संगठन के कार्यक्रम को लेकर संस्थान परिसर में तनाव पैदा हुआ था। कार्यक्रम का विरोध करने पर अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत की बंगाल इकाई के सदस्यों पर विद्यार्थियों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा था।

वहीं, संगठन के सदस्यों ने भी विद्यार्थियों पर मारपीट के आरोप लगाए थे। इसके बाद चार अक्टूबर को हिंदू जागरण मंच ने विरोध कार्यक्रम आयोजित किया।

परिसर के प्रवेश द्वार बंद होने के बावजूद संगठन के सदस्य जुलूस के साथ वहां पहुंचे और गेट को हिलाने लगे।

दूसरी ओर, विद्यार्थी भी गेट के अंदर जमा थे। दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी के दौरान पत्थर और ईंट के टुकड़े फेंके जाने के आरोप लगे। घटना के बाद संस्थान के रजिस्ट्रार दीपक कुमार ने पंचसायर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

फिलहाल, आंदोलनकारी विद्यार्थियों ने मांगें पूरी होने तक धरना जारी रखने का निर्णय लिया है। संस्थान प्रबंधन की ओर से इस मामले में किसी जवाब या समाधान की पहल की जानकारी सामने नहीं आई है।