सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट में हंगामे के मामले में चार FIR दर्ज, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं
कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट में हुए हंगामे के बाद परिसर में तनाव का माहौल है। इस मामले में चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट में हंगामे के मामले में चार FIR दर्ज।
HighLights
हंगामे के बाद सत्यजीत रे इंस्टीट्यूट परिसर में तनाव का माहौल।
घटना को लेकर पंचसायर थाने में चार FIR दर्ज हुईं।
पुलिस बल तैनात, डीसी ईस्ट ने कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिया।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआइ) में रविवार को सात-आठ घंटे तक चले हंगामे के बाद सोमवार को भी परिसर में तनाव का माहौल रहा। संस्थान के बाहर पुलिस तैनात है। इस बीच पंचसायर थाने में घटना को लेकर चार अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
इनमें एक अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत समिति, दूसरी छात्रों के एक वर्ग और तीसरी पुलिस की ओर से स्वत: संज्ञान लेते हुए दर्ज की गई है। चौथी प्राथमिकी की जानकारी पुलिस की ओर से स्पष्ट नहीं की गई है।
रविवार दोपहर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध संगठन अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत समिति का संस्थान के सभागार में कार्यक्रम था। एसएफआई के सदस्यों ने शिक्षण संस्थान में कार्यक्रम आयोजित करने पर सवाल उठाया। आयोजकों का आरोप है कि इस दौरान भारत माता और स्वामी विवेकानंद की तस्वीरों तथा बैनर को फाड़ा गया।
वहीं छात्रों का आरोप है कि उन्हें जानकारी दिए बिना कार्यक्रम की अनुमति दी गई और आयोजकों ने उन्हें आपत्तिजनक शब्द कहे। विरोध करने पर मारपीट का भी आरोप लगाया गया। इसके बाद छात्रों और आयोजकों के बीच झड़प हुई।
दोनों पक्षों की ओर से नारेबाजी के बीच पुलिस पहुंची, लेकिन उसके सामने भी कई बार तनाव की स्थिति बनी। मारपीट में छात्रों और आयोजकों के घायल होने का दावा किया गया। कुछ घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
पुलिस तैनात, कार्रवाई का भरोसा
डीसी ईस्ट के नेतृत्व में पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रित किया। कार्यक्रम के आयोजकों ने पुलिस पर सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। डीसी ईस्ट ने कहा कि पुलिस कानून से बाहर जाकर कोई कार्रवाई नहीं कर सकती और आरोपितों के खिलाफ कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी। सोमवार को भी संस्थान के बाहर पुलिस बल तैनात रहा।
