विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता में एसआरएफटीआई के बाहर हिंदू जागरण मंच के प्रदर्शन के दौरान हंगामा, छात्रों और पुलिस के बीच झड़प

Published: Sun, 04 Oct 2026 09:24 PM (IST)

कोलकाता में एसआरएफटीआई के बाहर हिंदू जागरण मंच के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तनाव बढ़ गया।

एसआरएफटीआइ के बाहर हिंदू जागरण मंच के प्रदर्शन से तनाव

एसआरएफटीआइ के बाहर हिंदू जागरण मंच के प्रदर्शन से तनाव

HighLights

  1. एसआरएफटीआइ के बाहर हिंदू जागरण मंच के प्रदर्शन से तनाव

  2. पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग की

  3. छात्रों व प्रदर्शनकारियों में नारेबाजी, पथराव के आरोप लगे

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता स्थित सत्यजित राय फिल्म एंड टेलीविजन संस्थान (एसआरएफटीआइ) के बाहर रविवार को हिंदू जागरण मंच के प्रदर्शन के दौरान फिर तनाव हो गया।

अजय नगर से निकला जुलूस संस्थान के पास पहुंचा तो पुलिस ने उसे रोकने के लिए पहले से बैरिकेडिंग कर रखी थी। प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश की।
संस्थान के सभी गेट बंद थे।

हिंदू जागरण मंच के प्रदर्शन में हंगामा 

प्रदर्शनकारियों ने गेट खोलने की मांग करते हुए उसे हिलाना शुरू कर दिया। इसके बाद पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की हुई और कुछ प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हटाया। गेट के दूसरी ओर छात्र भी जुटे थे।

इसी दौरान दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी के साथ ईंट-पत्थर और पानी की बोतलें फेंके जाने का आरोप-प्रत्यारोप लगा। छात्रों ने प्रदर्शनकारियों पर गेट पर लगा डा. भीमराव आंबेडकर का पोस्टर फाड़ने का आरोप लगाया। पुलिस ने स्थिति नियंत्रित करने के लिए बल तैनात रखा।

पिछले रविवार की घटना के विरोध में मार्च

हिंदू जागरण मंच ने पिछले रविवार एसआरएफटीआइ में हुई घटना के विरोध में यह मार्च निकाला था। संगठन का आरोप है कि उस दिन एक कार्यक्रम के दौरान भारत माता और स्वामी विवेकानंद की तस्वीरों का अपमान किया गया था। पिछले रविवार की घटना में भी छात्रों और कार्यक्रम से जुड़े लोगों के बीच विवाद और पथराव हुआ था।

रविवार के प्रदर्शन के दौरान हिंदू जागरण मंच के सदस्यों और छात्रों के बीच लगातार नारेबाजी होती रही। काफी देर तक चले हंगामे के बाद स्थिति नियंत्रण में आई। संस्थान के बाहर पुलिस की तैनाती जारी रही। ताजा घटना में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर हमले के आरोप लगाए गए हैं।