विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कोलकाता: सत्यजीत रे फिल्म इंस्टीट्यूट में कार्यक्रम को लेकर छात्रों और आयोजकों में झड़प, कई घायल

Published: Sun, 27 Sep 2026 08:34 PM (IST)

कोलकाता स्थित सत्यजीत रे फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट में छात्रों और अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के सदस्यों के बीच एक कार्यक्रम को लेकर झड़प हो गई।

कोलकाता के सत्यजीत राय फिल्म इंस्टीट्यूट में कार्यक्रम को लेकर छात्रों और आयोजकों में झड़प(फोटो: आईएएनएस)

कोलकाता के सत्यजीत राय फिल्म इंस्टीट्यूट में कार्यक्रम को लेकर छात्रों और आयोजकों में झड़प(फोटो: आईएएनएस)

HighLights

  1. कोलकाता के एसआरएफटीआई में छात्रों और ग्राहक पंचायत सदस्यों में झड़प हुई।

  2. ऑडिटोरियम में कार्यक्रम को लेकर दोनों पक्षों में विवाद बढ़ा।

  3. झड़प में कई लोग घायल हुए, पुलिस जांच में जुटी है।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। कोलकाता स्थित सत्यजीत राय फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट (एसआरएफटीआई) में ऑडिटोरियम में आयोजित एक कार्यक्रम को लेकर छात्रों और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध संगठन अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत, पश्चिम बंगाल प्रांत के सदस्यों के बीच रविवार को झड़प हो गई।

दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट का आरोप लगाया है। घटना में कई लोगों के घायल होने की सूचना है। दो छात्रों के सिर में चोट लगी है, जबकि संगठन की ओर से पांच लोगों के घायल होने और चार के अस्पताल में भर्ती होने का दावा किया गया है।

अखिल भारतीय ग्राहक पंचायत के अनुसार, उसने 15 हजार रुपये में संस्थान का ऑडिटोरियम किराये पर लेकर ग्राहक सेवा से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किया था। छात्रों ने संस्थान परिसर में कार्यक्रम आयोजित किए जाने पर सवाल उठाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले नारेबाजी और जवाबी नारेबाजी को लेकर कहासुनी हुई, जिसके बाद मामला मारपीट तक पहुंच गया।

छात्रों का कहना है कि ऑडिटोरियम में उनकी कक्षाएं होती हैं और बाहरी संगठन के कार्यक्रम की उन्हें जानकारी नहीं दी गई थी। आयोजकों ने छात्रों पर कार्यक्रम में बाधा डालने, पोस्टर-बैनर फाड़ने और भारत माता तथा स्वामी विवेकानंद की तस्वीरों को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया।

वहीं छात्रों ने बाहर से आए लोगों पर मारपीट और उन्हें बांग्लादेशी, देशद्रोही और पाकिस्तानी जैसे आपत्तिजनक शब्द कहने का आरोप लगाया। एक शिक्षक ने भी छात्रों के बचाव में पहुंचने पर अपने साथ मारपीट का दावा किया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और बस को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन छात्रों के विरोध के कारण तनाव बना रहा। पुलिस के साथ उनकी धक्का-मुक्की हुई।

बस रोककर गिरफ्तारी की मांग

कार्यक्रम के बाद संगठन के सदस्यों को परिसर से बाहर निकाल दिया गया, लेकिन उनकी एक बस छात्रों ने रोक ली। छात्रों का आरोप है कि बस में मौजूद कुछ लोगों ने उन्हें पीटा है। उन्होंने आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद ही बस छोड़ने की मांग की।

संगठन ने बस में महिलाओं समेत अपने सदस्यों के होने का हवाला देते हुए उसे छोड़ने की मांग की। घटना के बाद संस्थान के बाहर प्रदर्शन और नारेबाजी हुई। बाहर से बोतल और ईंटें फेंके जाने के आरोप भी लगे। पुलिस मामले की जांच कर रही है।