एनआरसी से एक भी भारतीय नहीं छूटेगा: स्मृति ईरानी
Smriti Irani. एनआरसी का विरोध करने को लेकर ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए स्मृति ईरानी ने कहा कि यह अवैध घुसपैठ पर उनके रुख के विरोधाभास को दर्शाता है।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। केंद्रीय कपड़ा एवं महिला व बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने राष्ट्रीय नागरिकता रजिस्टर (एनआरसी) का विरोध करने पर बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए कहा कि केंद्र में भाजपा की अगुआई वाली सरकार देश के नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध घुसपैठ से कानून के मुताबिक निपटा जाएगा। मंगलवार को महानगर में मीडिया से मुखातिब स्मृति ने कहा-'एक भी भारतीय नहीं छूटेगा। हम देश के नागरिकों के अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं।
एनआरसी का विरोध करने को लेकर ममता पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि यह अवैध घुसपैठ पर उनके रुख के विरोधाभास को दर्शाता है। ममता द्वारा केंद्र सरकार की योजनाओं का विरोध जगजाहिर है। उनका आक्रामक रवैया राज्य के लोगों को केंद्र सरकार द्वारा मुहैया कराए जाने वाले लाभ से वंचित रख रहा है, जो कि किसानों, महिलाओं और बच्चों को मिल सकते थे। उन्होंने आगे कहा-'बंगाल सरकार द्वारा उद्योगों की स्थापना रोक दी गई है। बंगाल में लोकसभा चुनाव के नतीजों ने दिखा दिया है कि राज्य की जनता बदलाव चाहती है।'