विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कर्सियांग होम स्टे हादसा: मालिक और कर्मचारी समेत चार गिरफ्तार, कोर्ट ने 4 दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा

Published: Sat, 19 Sep 2026 11:13 PM (IST)Updated: Sat, 19 Sep 2026 11:14 PM (IST)

कर्सियांग के सिटोंग स्थित होम स्टे में बारबेक्यू से नवविवाहिता के झुलसने के मामले में मालिक समेत चार गिरफ्तार किए ...और पढ़ें

बारबेक्यू हादसे में होम स्टे मालिक समेत चार गिरफ्तार

बारबेक्यू हादसे में होम स्टे मालिक समेत चार गिरफ्तार

HighLights

  1. कर्सियांग होम स्टे बारबेक्यू हादसे में मालिक समेत चार गिरफ्तार।

  2. नवविवाहिता 55% झुलसी, परिवार ने साजिश की आशंका जताई।

  3. कोर्ट ने आरोपितों को चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेजा।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। कर्सियांग के सिटोंग स्थित होम स्टे में बारबेक्यू जलाने के दौरान नवविवाहिता के झुलसने के मामले में पुलिस ने होम स्टे मालिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में होम स्टे मालिक पवन अग्रवाल, उसका बेटा नेहाल आर्यन, मैनेजर दीपेन लामा और कर्मचारी नसीरुद्दीन शामिल हैं।

चारों को शनिवार को कर्सियांग एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें चार दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया।

कर्सियांग एसीजेएम कोर्ट के एपीपी सरोज सिन्हा ने बताया कि अदालत ने पुलिस को बारबेक्यू की आग से झुलसी नवविवाहिता की केस डायरी और चोट की रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है। पुलिस रिमांड के दौरान मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जाएगी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित नसीरुद्दीन चोपड़ा थाना क्षेत्र का रहने वाला है। एक ही इलाके का निवासी होने के कारण उसके पीड़िता के परिवार से परिचित होने की बात भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, घटना से संबंधित वीडियो फुटेज में एक व्यक्ति बारबेक्यू में ज्वलनशील पदार्थ डालता दिखाई दे रहा है। पुलिस का दावा है कि वीडियो में दिखाई दे रहा व्यक्ति नसीरुद्दीन ही है।

हालांकि, पुलिस अभी यह स्पष्ट नहीं कर रही है कि घटना महज हादसा थी या इसके पीछे कोई साजिश थी। जांच में दोनों पहलुओं को ध्यान में रखा जा रहा है। पुलिस गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर घटना से पहले और बाद की पूरी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

पीड़िता के चाचा ने जताया संदेह

घायल नवविवाहिता के चाचा सुजीत साहा ने बताया कि उनकी भतीजी की हालत अभी ठीक नहीं है। उसका चेहरा सूज गया है और वह तेज दर्द से कराह रही है। उन्होंने कहा कि परिवार को नसीरुद्दीन की भूमिका पर संदेह है। उनके अनुसार, होम स्टे कर्मचारी होने के कारण उसे बारबेक्यू की प्रक्रिया और उसमें इस्तेमाल होने वाली सामग्री की जानकारी रही होगी।

बारबेक्यू में जिस तरह से ज्वलनशील पदार्थ डाला गया, उससे परिवार का संदेह और गहरा हुआ है। हालांकि, उन्होंने कहा कि परिवार को पुलिस की जांच पर पूरा भरोसा है।

55 प्रतिशत झुलसी है नवविवाहिता

उल्लेखनीय है कि चोपड़ा निवासी सौभिक दास अपनी नवविवाहिता पत्नी निकिता साहा दास के साथ छुट्टियां मनाने कर्सियांग के सिटोंग स्थित एक होम स्टे गए थे। 13 सितंबर की रात बारबेक्यू जलाने के दौरान कथित तौर पर कर्मचारी ने उसमें ज्वलनशील पदार्थ का पूरा गैलन डाल दिया। इसके बाद अचानक आग भड़क उठी। हादसे में निकिता का शरीर करीब 55 प्रतिशत झुलस गया, जबकि सौभिक को भी चोट आई।

घटना के बाद परिवार की ओर से मामले में साजिश की आशंका जताई गई। इसके बाद पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए होम स्टे मालिक, उसके बेटे, मैनेजर और कर्मचारी को गिरफ्तार किया है। अब पुलिस रिमांड में पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर घटना की वास्तविक वजह सामने लाने का प्रयास किया जा रहा है।