बंगाल: सिलीगुड़ी में गोमांस बिक्री के आरोप में दो महिलाएं हिरासत में, बजरंग दल ने किया था विरोध
सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा में कथित गोमांस बिक्री के आरोप में दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है। बजरंग दल ...और पढ़ें

गोमांस बिक्री के आरोप में दो महिलाएं हिरासत में (सांकेतिक फोटो)
HighLights
सिलीगुड़ी में गोमांस बिक्री के आरोप में दो महिलाएं हिरासत में।
बजरंग दल के विरोध के बाद पुलिस ने की कार्रवाई।
पुलिस को शाम तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। बंगाल में सिलीगुड़ी पुलिस कमिश्नरेट के अधीन माटीगाड़ा थाना अंतर्गत विश्वास कॉलोनी रेल गेट इलाके में शनिवार सुबह कथित रूप से गोमांस की बिक्री करने के आरोप में दो महिलाओं को हिरासत में लिया गया है।
हालांकि, पुलिस के अनुसार शनिवार शाम तक इस मामले में थाने में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई होगी।
मिली जानकारी के अनुसार, माटीगाड़ा के रेल गेट से सटे इलाके में लंबे समय से गोमांस की बिक्री को लेकर शिकायतें मिल रही थी। शनिवार सुबह बजरंग दल के सदस्य मौके पर पहुंचे और कथित रूप से गोमांस की बिक्री किए जाने का विरोध किया।
इसी दौरान वहां मौजूद महिलाओं के साथ उनकी कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर पुलिस को इसकी सूचना दी गई। इसके बाद माटीगाड़ा थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दो महिलाओं को हिरासत में लिया।
बजरंग दल के उत्तर बंगाल प्रांत सुरक्षा प्रमुख अमित गुप्ता ने आरोप लगाया कि इलाके में प्रतिबंधित मांस की बिक्री के साथ नशे का अवैध कारोबार भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में एसीपी से लेकर माटीगाड़ा थाने के अधिकारियों तक को जानकारी दी गई है।
अमित गुप्ता ने कहा कि यदि गोमांस की बिक्री पर रोक नहीं लगाई गई तो राज्य में भाजपा की सरकार बनने का कोई औचित्य नहीं रह जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की।
