उत्सव के माहौल में दो घरों के बुझ गए चिराग, पोखर में डूबने से मासूमों की मौत
सिलीगुड़ी के फांसीदेवा में पोखर में नहाने के दौरान दो मासूम बच्चों की डूबने से मौत हो गई। उत्सव के ...और पढ़ें

HighLights
सिलीगुड़ी के फांसीदेवा में दो मासूमों की डूबने से मौत।
अनिकेत राय (8) और आयुष राय (4) की हुई पहचान।
उत्सव के माहौल में परिवारों में पसरा गहरा मातम।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। उत्सवों के माहौल में दो माताओं की गोद सूनी हो गई। जिन घरों में बच्चों की किलकारियां गूंजती थीं, वहां अब मातम पसरा है। पोखर में नहाने के दौरान पानी में डूबने से दो मासूमों की दर्दनाक मौत हो गई।
हृदयविदारक घटना गुरुवार सुबह सिलीगुड़ी महकमा के फांसीदेवा थाना अंतर्गत चतुरभुज जोत की है। मृतकों की पहचान अनिकेत राय (8) और आयुष राय (4) के रूप में हुई है। दोनों उसी इलाके के निवासी थे। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
बच्चे आते थे नहाने
स्थानीय सूत्रों की माने तो इलाके के एक खुले मैदान में कृत्रिम जलाशय बनाया गया था। स्कूल की छुट्टियां होने के कारण आसपास के बच्चे अक्सर वहां नहाने जाते थे। गुरुवार सुबह भी अनिकेत और आयुष घर से खेलने के नाम पर निकले थे।
इसके बाद दोनों जलाशय में नहाने लगे। इसी दौरान वे गहरे पानी में डूब गए। काफी देर तक दोनों के बाहर नहीं आने पर घटना की जानकारी स्थानीय लोगों को मिली, जिसके बाद उन्हें बचाने की कोशिश शुरू हुई। सूचना मिलते ही फांसीदेवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची।
तलाशी के बाद मिला शव
स्थानीय निवासी पर्वत सिंह ने बताया कि चार से पांच युवकों ने करीब 30 से 40 मिनट तक जलाशय में दोनों बच्चों की तलाश की। काफी मशक्कत के बाद दोनों को पानी से बाहर निकाला गया। तत्काल फांसीदेवा ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कालेज एवं अस्पताल भेज दिया। पुलिस घटना की जांच में जुट गई है।
