बंगाल: प्रेमी ने अपनाने से किया इनकार तो युवती ने दी जान, मौत के 48 घंटों बाद मिला शव
सिलीगुड़ी के पास सुकना में एक युवती का शव 48 घंटे बाद फंदे से लटका मिला, जिससे इलाके में हड़कंप ...और पढ़ें

युवती का शव 48 घंटे बाद फंदे से लटका मिला (सांकेतिक फोटो)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। एक युवती की रहस्यमय मौत से बंगाल में सिलीगुड़ी के निकट सुकना के शिवमंदिर संलग्न इलाके में हड़कंप मच गया। मौत के करीब 48 घंटे बाद युवती का शव उसके कमरे में फंदे से लटकता हुआ बरामद किया गया।
पुलिस को घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें युवती ने अपने गर्भवती होने का जिक्र करते हुए प्रेमी को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहराया है। मामले में कर्सियांग थाना पुलिस ने आरोपित प्रेमी अभिषेक ठाकुरी को गिरफ्तार किया है। उसे दार्जिलिंग अदालत में पेश किया गया, जहां से पूछताछ के लिए चार दिनों की पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की विभिन्न पहलुओं से जांच कर रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, मृतका कालिम्पोंग की रहने वाली थी और माटीगाड़ा इलाके के एक नर्सिंग होम में नर्स के रूप में काम करती थी। उसका कर्सियांग के बेलडार निवासी अभिषेक ठाकुरी के साथ पिछले करीब तीन महीने से प्रेम संबंध था।
पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार युवती की मौत 19 अक्टूबर को हुई थी। हालांकि, घटना की जानकारी पुलिस को दो दिन बाद, 21 अक्टूबर की रात को उसके परिजनों के माध्यम से मिली। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कमरे की जांच के दौरान शव बरामद किया। घटनास्थल से तीन पन्नों का सुसाइड नोट भी मिला, जिसे जांच में शामिल किया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुसाइड नोट में युवती ने अपने गर्भवती होने का उल्लेख किया है। नोट में उसने अपनी मौत के लिए प्रेमी को जिम्मेदार ठहराया है। आरोप है कि युवती के गर्भवती होने की जानकारी सामने आने के बाद अभिषेक ने उसे अपनाने से इनकार कर दिया था।
इसके अलावा, युवती के वेतन पर कब्जा करने और दूसरी युवतियों के संपर्क में रहने के आरोप भी सुसाइड नोट में लगाए गए हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवती की मौत से पहले क्या परिस्थितियां थीं और आरोपित के साथ उसके संबंधों में किस तरह का विवाद चल रहा था।
मोबाइल नंबर ट्रैक कर आरोपित की गिरफ्तारी
मृतका के स्वजन सुकना पुलिस आउट पोस्ट में आरोपित के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपित के मोबाइल नंबर को ट्रैक किया और सुबह करीब तीन बजे उसे गिरफ्तार कर लिया। गुरुवार को मेडिकल कॉलेज में युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
पुलिस ने घटनास्थल वाले कमरे को भी सील कर दिया है, ताकि जांच के लिए जरूरी साक्ष्यों को सुरक्षित रखा जा सके। पुलिस अब सुसाइड नोट की सामग्री, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
आरोपित से पूछताछ के दौरान युवती की मौत से जुड़े घटनाक्रम और दोनों के बीच विवाद के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जाएगा।
