विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: सिलीगुड़ी में बिहार-हरियाणा से बुलाए गए थे गाय चोर, 7 लोग गिरफ्तार; जांच शुरू

Published: Sun, 04 Oct 2026 02:52 PM (IST)Updated: Sun, 04 Oct 2026 02:53 PM (IST)

पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि सिलीगुड़ी में गाय चोरी के लिए बिहार, बंगाल और हरियाणा का एक गिरोह ...और पढ़ें

गाय चोरी मामले में बड़ा खुलासा।

गाय चोरी मामले में बड़ा खुलासा।

HighLights

  1. सिलीगुड़ी में गाय चोरी के लिए सक्रिय था अंतरराज्यीय गिरोह।

  2. भीड़ की पिटाई से दो संदिग्धों की हुई मौत, सात गिरफ्तार।

  3. पुलिस ने मॉब लिंचिंग और चोरी का मामला दर्ज किया।

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। गाय चोरी के संदेह में दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या के मामले में पुलिस की जांच में सनसनीखेज खुलासे हुए हैं। बागडोगरा थाना पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सिलीगुड़ी और सिलीगुड़ी महकमा क्षेत्र में गाय चोरी की घटनाओं को अंजाम देने के लिए बिहार, बंगाल और हरियाणा के लोगों का गिरोह सक्रिय था।

शुक्रवार रात गाय चोरी करने निकले गिरोह के 9 सदस्यों में से दो की भीड़ की पिटाई से मौत हो गई, जबकि सात अन्य को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

मृतकों की पहचान चोपड़ा थाना क्षेत्र निवासी शाहिद अख्तर और हरियाणा निवासी साद मोहम्मद के रूप में हुई है। वहीं, गिरफ्तार आरोपितों की पहचान उत्तर दिनाजपुर निवासी रकीब व नूर मोहम्मद, बिहार के किशनगंज निवासी मोहम्मद अनवरुल, हरियाणा के पलवल निवासी मोहम्मद आजाद, आमिर व फरीदाबाद निवासी आरिफ खान तथा नूंह निवासी अकरम खान के रूप में हुई है।

सेना की शिकायत के आधार पर शनिवार देर रात बागडोगरा थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 329(3), 303(2), 62 और 61(2) के तहत सातों आरोपितों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के लिए पांच दिनों की पुलिस रिमांड की मांग करते हुए सभी को रविवार को सिलीगुड़ी महकमा न्यायालय में पेश किया गया।

पुलिस अधिकारी एक अधिकारी के अनुसार गिरोह के 9 सदस्य शुक्रवार रात दो अलग-अलग टीमों में बंटकर गाय चोरी करने निकले थे। एक टीम ने ताराबाड़ी इलाके में एक घर से गाय को पिकअप वाहन में लाद लिया था। लोगों के शोर मचाने पर आरोपित गाय को रास्ते में छोड़कर भागने लगे। इस दौरान स्थानीय लोगों ने कुछ लोगों को पकड़ लिया और उनकी पिटाई शुरू कर दी।

इसी दौरान गिरोह का लिंक मैन चोपड़ा थाना क्षेत्र निवासी शाहिद अख्तर चार पहिया वाहन से मौके पर पहुंचा। भीड़ ने उसकी भी पिटाई शुरू कर दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, तीन घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने हरियाणा निवासी साद मोहम्मद को मृत घोषित कर दिया।

सेना छावनी में छिपे थे चार आरोपी

बागडोगरा थाना पुलिस के अनुसार गिरोह के चार सदस्य भागकर सेना छावनी में घुस कर वहां छिप गए थे। सेना के जवानों ने उन्हें पकड़ कर शनिवार देर रात बागडोगरा थाना पुलिस के हवाले कर दिया। सेना की ओर से आरोपितों के खिलाफ बागडोगरा थाने में लिखित शिकायत भी दर्ज कराई गई है।

पुलिस पूछताछ में आरोपितों ने एक ही गिरोह के सदस्य होने की बात स्वीकार की है। अस्पताल में भर्ती तीन आरोपितों और सेना द्वारा सौंपे गए चार आरोपितों समेत कुल सात लोगों को न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।

मॉब लिंचिंग का भी मामला दर्ज

इधर, मृतक शाहिद अख्तर की पत्नी की शिकायत पर बागडोगरा थाना पुलिस ने माब लिंचिंग का अलग मामला दर्ज किया है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज एकत्र कर रही है। फुटेज के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। बागडोगरा थाना पुलिस के अनुसार घटनास्थल की फोरेंसिक जांच भी कराई जाएगी। सोमवार को फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र करेगी।