विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल: प्यार में मिला इनकार तो प्रेमिका को घोंपा खंजर, फिर प्रेमी ने खाया जहर

Published: Wed, 28 Oct 2026 01:23 PM (IST)

सिलीगुड़ी में प्यार में मिली बेरुखी के बाद एक युवक ने अपनी पूर्व प्रेमिका पर खंजर से हमला कर उसे ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। प्यार में मिली बेरुखी की कहानी बुधवार सुबह खौफनाक वारदात में बदल गई। दूरी बर्दाश्त नहीं कर पाने की स्थिति में प्रेमी ने सुबह-सबेरे टहलने निकली प्रेमिका पर खंजर से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। पेट में कई बार वार किए और हाथ की नस तक काट दी।खून से लथपथ शिक्षिका सड़क पर गिर पड़ी।

अचानक हुई इस वारदात से मध्य शांति नगर इलाके में सनसनी फैल गई है| स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में घायल महिला को सिलीगुड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और ऑपरेशन जारी है।

हैरानी की बात यह है कि महिला पर हमला करने के बाद आरोपित युवक ने भी जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। सूचना मिलने पर एनजेपी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उसे भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायल शिक्षिका की पहचान सिउली दत्ता और आरोपित युवक की पहचान सजल दास के रूप में हुई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल किया गया खंजर बरामद कर लिया है।

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, सिउली दत्ता और सजल दास के बीच कई वर्ष पहले प्रेम संबंध था। हालांकि, बाद में महिला ने उससे दूरी बना ली। आरोप है कि इसके बाद भी सजल उसका पीछा करता था और उसे परेशान करता था। महिला के बड़े भाई ने भी आरोप लगाया कि सजल उसकी बहन को लगातार परेशान कर रहा था।

सिउली के बड़े भाई ने बताया कि करीब एक सप्ताह पहले ही महिला थाने में सजल के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी। बताया जाता है कि शिकायत के बाद पुलिस ने युवक को डांट-फटकार लगाई थी। इसके बावजूद बुधवार सुबह हुई इस वारदात ने महिला की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

बुधवार सुबह सिउली दत्ता टहलने के लिए निकली थी। इसी दौरान मध्य शांति नगर में उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया गया। आरोप है कि हमलावर ने उसके पेट पर कई वार किए और हाथ की नस भी काट दी। महिला की चीख-पुकार और खून से लथपथ हालत देखकर स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े। लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने घटनास्थल से खंजर बरामद कर लिया है। महिला की हालत गंभीर बनी हुई है, जबकि जहर खाने वाले सजल दास का भी अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस दोनों के उपचार की स्थिति पर नजर रखने के साथ पूरे मामले की जांच कर रही है।