बंगाल के सिलीगुड़ी में पकड़ी गई 693 लीटर नकली शराब, बिहार में सप्लाई करने की थी तैयारी
दार्जिलिंग जिला आबकारी विभाग ने सिलीगुड़ी के विधाननगर में एक नकली शराब कारखाने का भंडाफोड़ किया, जहां से 693 लीटर नकली शराब जब्त की गई।

सिलीगुड़ी में पकड़ी गई 693 लीटर नकली शराब (जागरण)
HighLights
सिलीगुड़ी के विधाननगर में नकली शराब फैक्ट्री का खुलासा।
693 लीटर नकली शराब और भारी मात्रा में सामग्री जब्त।
आरोपी विश्वजीत सरकार गिरफ्तार, बिहार तस्करी का संदेह।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी। फांसीदेवा के विधाननगर इलाके में घर के अंदर चल रहे नकली शराब के अवैध कारखाने का दार्जिलिंग जिला आबकारी विभाग की टीम ने भंडाफोड़ किया है।
मंगलवार रात हुई कार्रवाई में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी की पहचान विश्वजीत सरकार के रूप में हुई है।
आबकारी विभाग को आशंका है कि यहां तैयार की जाने वाली नकली शराब की खेप बिहार में तस्करी के जरिए भेजी जाती थी, क्योंकि शराब तस्करी के मामले में विश्वजीत बिहार में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है।
693 लीटर नकली शराब बरामद
जानकारी मिली है कि आबकारी विभाग के सिलीगुड़ी रेंज के सहयोग से बागडोगरा रेंज की टीम ने विधाननगर इलाके में छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान मौके से नामी कंपनियों के नाम पर तैयार की गई 693 लीटर नकली शराब, 5,500 नकली बोतल कैप, 38 हजार नकली लेबल और 20 हजार होलोग्राम बरामद किए गए।
इसके अलावा 122 लीटर रंगीन व फ्लेवर्ड स्पिरिट, कैरामेल, 1,718 खाली कांच की बोतलें, कैश काउंटिंग मशीन, दो धातु के वैट, अल्कोहलमीटर और मापने वाले सिलेंडर व अन्य सामान जब्त किया गया।
टीम ने मौके से दो चारपहिया वाहनों को भी जब्त किया है। आबकारी विभाग के सूत्रों के अनुसार जब्त सामान की कुल अनुमानित कीमत करीब 38 लाख 77 हजार 500 रुपये है।
दार्जिलिंग के सुपरिंटेंडेंट आफ एक्साइज युगेन शेवांग ने बताया कि शराब के अवैध कारोबार के आरोप में बिहार पुलिस विश्वजीत को पहले भी गिरफ्तार कर चुकी है। बुधवार को आरोपी को अदालत में पेश किया गया। पूरे मामले की जांच की जा रही है।
