सिलीगुड़ी: पूजा की खुशियों के बीच मातम, झंकार मोड़ पर बाइक-स्कूटी की टक्कर में 2 युवकों की मौत
दुर्गा पूजा के दौरान सिलीगुड़ी में एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य ...और पढ़ें
-1792396046860_m.webp)
बाइक-स्कूटी टक्कर में दो युवकों की मौत (फाइल फोटो)
HighLights
सिलीगुड़ी में महाष्टमी पर दर्दनाक सड़क हादसा।
झंकार मोड़ पर बाइक-स्कूटी की भीषण टक्कर।
दो युवकों की मौत, एक गंभीर रूप से घायल।
जागरण संवाददाता, सिलीगुड़ी । दुर्गा पूजा की रौनक, चारों ओर उत्सव का माहौल और मां दुर्गा के दर्शन की उमंग। इसी बीच महाष्टमी की सुबह सिलीगुड़ी में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं।
झंकार मोड़ स्थित पुराने ब्रिज पर बाइक और स्कूटी के बीच हुई भीषण टक्कर में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पूजा के उत्सवी माहौल में हुए इस हादसे से शहर में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतकों की पहचान बाइक सवार अरजीत प्रमाणिक और स्कूटी सवार शंकर सिंह के रूप में हुई है। गंभीर रूप से घायल युवक शंकर का दोस्त बताया जा रहा है। उसका माटीगाड़ा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, धुपगुड़ी के ग़ैरकाटा निवासी अरजीत प्रमाणिक दुर्गा पूजा घूमने के लिए सिलीगुड़ी स्थित अपने रिश्तेदार के घर आया था। सोमवार तड़के वह बाइक से एयर व्यू की ओर से झंकार मोड़ की तरफ जा रहा था। इसी दौरान शंकर सिंह अपने एक दोस्त के साथ स्कूटी से दूसरी दिशा में जा रहा था।
झंकार मोड़ के पुराने ब्रिज पर दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। हादसे में अरजीत और शंकर की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही ट्रैफिक और खालपाड़ा चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। तीनों को सिलीगुड़ी जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डाक्टर ने दो को मृत घोषित किया।
इधर घायल के परिवार वालों ने उसे फ़ौरन माटीगाड़ा स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। दुर्घटना में शामिल दोनों वाहनों को पुलिस ने हिफाजत में ले लिया है| तेज रफ़्तार की वजह से दुर्घटना की आशंका पुलिस जता रही है।
