विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'अभी तो ब्रेकफास्ट हुआ है, लंच बाकी है...' सीएम शुभेंदु ने सरकार के कामकाज पर दिया बड़ा संदेश

Published: Wed, 28 Oct 2026 03:40 PM (IST)

मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में कहा कि भाजपा सरकार को सत्ता में आए अभी छह महीने हुए हैं और अगले साढ़े चार साल में बहुत कुछ करना बाकी है।

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी(फाइल फोटो)

बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी(फाइल फोटो)

HighLights

  1. शुभेंदु अधिकारी ने सरकार के छह महीने के कामकाज पर बयान दिया।

  2. रेजीनगर जीत को सांप्रदायिक आरोपों का जवाब बताया।

  3. अल्पसंख्यक मतदाताओं के समर्थन का दावा किया।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने बुधवार को विधानसभा में अपनी सरकार के कामकाज को लेकर बड़ा संदेश दिया। उन्होंने कहा कि राज्य में भाजपा सरकार को सत्ता में आए अभी केवल छह महीने हुए हैं और अगले साढ़े चार वर्षों में बहुत कुछ करना बाकी है।

उन्होंने अपने अंदाज में कहा कि अभी तो ब्रेकफास्ट हुआ है, लंच बाकी है। देखते रहिए कि हम कैसे आगे बढ़ते हैं और लोगों को साथ लेकर कैसे चलते हैं। हाल में राज्य की दो विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव में नंदीग्राम से नवनिर्वाचित भाजपा विधायक हासिरानी रथ और रेजीनगर से विजयी शखारभ सरकार के विधानसभा में शपथ ग्रहण के बाद मुख्यमंत्री ने सदन को संबोधित करते हुए यह बात कही।

रेजीनगर की जीत से भाजपा को सांप्रदायिक बताने वालों को मिला जवाब

मुख्यमंत्री ने इस दौरान दोनों सीटों पर भाजपा की जीत को आधार बनाकर पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जोरदार निशाना साधा। शुभेंदु ने विशेषकर मुस्लिम बहुल मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर उपचुनाव में मिली जीत का उल्लेख करते हुए कहा कि भाजपा को सांप्रदायिक पार्टी बताने वालों को रेजीनगर के नतीजों से जवाब मिल गया है।

रेजीनगर के मतदाताओं ने इस धारणा को तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि रेजीनगर में भाजपा उम्मीदवार शखारभ सरकार ने 75 हजार से अधिक मतों के अंतर से जीत दर्ज की।

रेजीनगर में अल्पसंख्यक मतदाताओं का भी समर्थन मिलने का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि रेजीनगर में अन्नपूर्णा योजना से लाभान्वित करीब 70 हजार महिलाओं में लगभग 35 हजार अल्पसंख्यक समुदाय से हैं। शुभेंदु ने रेजीनगर के मतदान के आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि इस विधानसभा क्षेत्र के करीब 300 बूथों में से लगभग 100 बूथ ही हिंदू बहुल थे। इसके बावजूद भाजपा उम्मीदवार शखारभ सरकार को अल्पसंख्यक बहुल बूथों से भी बड़ी बढ़त मिली।

उन्होंने दावा किया कि अन्नपूर्णा भंडार योजना का लाभ लेने वाली मुस्लिम महिलाओं ने भी भाजपा पर भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि भाजपा हिंदू और सनातन धर्म में विश्वास रखने वाली पार्टी है। उसके नेता माथे पर तिलक लगाते हैं, लेकिन सरकार चलाते समय किसी के साथ भेदभाव नहीं किया जाता।

सभी नागरिकों का विकास सरकार की प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने मुर्शिदाबाद में चुनाव प्रचार के दौरान चाकलेट बटोरने के क्रम में एक बच्ची की दुखद मृत्यु का भी विधानसभा में उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि चुनाव समाप्त होने के बाद वह बच्ची के घर गए थे और मुख्यमंत्री राहत कोष से उसके माता-पिता को 10 लाख रुपये की सहायता दी गई।