मां के बारे में अश्लील बातें करने का विरोध करने पर बेटे को गोली मारी
मां के बारे में अश्लील बातें सुनकर उसका विरोध करने पर एक बेटे को बदमाशों ने गोली मार दी।
संवाद सूत्र, बैरकपुर : मां के बारे में अश्लील बातें सुनकर उसका विरोध करने पर एक बेटे को बदमाशों ने गोली मार दी। मृतक का नाम राहुल ठाकुर है। प्राप्त जानकारी के मुताबिक असामाजिक गतिविधियों में लिप्त शुभदीप दास नामक युवक राहुल की मां के बारे में अश्लील बातें कर रहा था। राहुल ने जब इसका विरोध किया तो शुभदीप ने रिवाल्वर निकालकर उसे दो गोलियां मारी। राहुल गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल कल्याणी के जेएनएम अस्पताल ले जाया गया, जहा इलाज के दौरान शनिवार को उसने दम तोड़ दिया। दर्ज प्राथमिकी के आधार पर बीजपुर थाने की पुलिस ने हत्या व अवैध रूप से आग्नेयास्त्र रखने के जुर्म में शुभदीप को गिरफ्तार कर हत्या में इस्तेमाल की गई रिवाल्वर को जब्त कर लिया है। शनिवार दोपहर उसे बैरकपुर अदालत में पेश किया गया। यह घटना बीजपुर थानांतर्गत हालीशहर के बालीभाड़ा इलाके में घटी। एक ही इलाके में रहने वाले दोनों में एक समय अच्छी दोस्ती थी। मृतक का एक बेटा भी है। उसकी पत्नी ने बताया कि शुक्रवार रात लगभग 9:30 बजे राहुल साइकिल से घर लौट रहे थे। रास्ते में उनकी मुलाकात शुभदीप से हुई। वह उनकी सास के बारे में अश्लील बातें करने लगा। उनके पति ने इसका विरोध किया। इसपर शुभदीप ने रिवाल्वर निकालकर उन्हें दो गोलियां मार दी। गोली लगने के बाद उनके पति जान बचाने के लिए वहां से भागे और थोड़ी दूर जाकर गिर पड़े। खबर पाकर वे लोग मौके पर पहुंचे और उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले गए, जहां उनकी मौत हो गई। स्थानीय लोगों का आरोप है कि शुभदीप इलाके में अवैध शराब का अड्डा चलाता है। उसके अड्डे पर युवकों की भीड़ जुटती थी। नशे में शराबियों के बीच गालीगलौज होता था। शराबी महिलाओं से अश्लील हरकतें करते थे। इससे इलाके के लोग परेशान थे। उन्होंने पुलिस से इसकी शिकायत की तो पुलिस ने कार्रवाई कर शराब के अड्डे को बंद करा दिया। पुलिस की कार्रवाई कारण तीन महीने तक शराब का अड्डा बंद रहा। कुछ दिन पहले इसे फिर से चालू किया गया था। इस बार राहुल उसके खिलाफ मुखर हुआ था। आरोप है कि इस विरोध के कारण ही शुभदीप ने उससे रंजिश पाल रखी थी और उसकी हत्या कर दी।