विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नगर निकाय चुनाव से पहले शादाब खान की घर वापसी, तृणमूल छोड़कर फिर थामा कांग्रेस का दामन

Published: Sat, 17 Oct 2026 05:05 PM (IST)

पूर्व युवा कांग्रेस अध्यक्ष शादाब खान ने नगर निकाय चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस छोड़कर एक बार फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया है।

शादाब खान की नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस में वापसी।

शादाब खान की नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस में वापसी।

HighLights

  1. शादाब खान की नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस में वापसी।

  2. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने उनका स्वागत किया।

  3. भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ने की जताई इच्छा।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल में नगर निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस ने अपने पुराने युवा नेता शादाब खान की घर वापसी कराई है। प्रदेश युवा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष शादाब ने एक बार फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया है।

दुर्गापूजा की षष्ठी के दिन कोलकाता स्थित कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय विधान भवन में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार ने उन्हें पार्टी का झंडा सौंपकर स्वागत किया।

शादाब खान प्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष पद पर रहते हुए तृणमूल कांग्रेस में शामिल हो गए थे। उन्होंने युवा कांग्रेस के संगठनात्मक चुनाव में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिवंगत सोमेन मित्र के बेटे रोहन मित्र को हराकर अध्यक्ष पद हासिल किया था।

हालांकि, बाद में उन्होंने कांग्रेस छोड़कर तृणमूल का दामन थाम लिया था। अब नगर निकाय चुनाव से पहले उनकी कांग्रेस में वापसी को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

भाजपा के खिलाफ लड़ाई का किया एलान

कांग्रेस में लौटने के बाद शादाब खान ने कहा कि कांग्रेस उनकी पुरानी जगह है और उनकी राजनीतिक लड़ाई की शुरुआत भी इसी पार्टी से हुई थी। उन्होंने कांग्रेस के कार्यकर्ता के रूप में भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ने की इच्छा जताई।

गौरतलब है कि राज्य में तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में युवा कांग्रेस के कई नेता पार्टी छोड़कर तृणमूल में शामिल हुए थे। इनमें सौमिक हुसैन, मौसम बेनजीर नूर, अरिंदम भट्टाचार्य, शादाब खान और अजहर मल्लिक जैसे नाम शामिल हैं। ऐसे में शादाब की वापसी को कांग्रेस के लिए पुराने संगठनात्मक संपर्कों को फिर मजबूत करने की कोशिश के तौर पर देखा जा रहा है।