देर रात घर के सामने नाबालिग का यौन उत्पीड़न, युवक गिरफ्तार
नेताजीनगर थाना इलाके में घर के सामने ही एक नाबालिग के यौन उत्पीडऩ का मामला प्रकाश में आया है। घटना गुरुवार रात की है।
कोलकाता, जागरण संवाददाता। नेताजीनगर थाना इलाके में घर के सामने ही एक नाबालिग के यौन उत्पीडऩ का मामला प्रकाश में आया है। घटना गुरुवार रात की है। परिजनों से शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार किया गया है। उसका नाम राजेश रजक है।
बताया गया है कि नेताजीनगर रोड के पद्मपुकुर रोड में रहने वाली एक नाबालिग को आरोपित युवक काफी पहले से परेशान करता रहा है। विरोध करने पर भी वह बाज नहीं आ रहा था। गत रात उसने सारी सीमाएं पार करते हुए घर के सामने खड़ी नाबालिग का यौन उत्पीडऩ किया। वह उसे जबरदस्ती खींचकर इलाके के एक बागान में ले जा रहा था। बचने के लिए किशोरी ने शोर मचाना शुरू किया जिसके बाद वह मौके से फरार हो गया था।
बच्ची ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी जिसके बाद तुरंत थाने में मामला दर्ज कराया गया। इसके बाद पुलिस ने तुरंत उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ प्रोटेक्शन ऑफ चिल्ड्रेन फ्राम सेक्सुअल ऑफेंस (पॉक्सो) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
शुक्रवार को उसे अलीपुर अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया गया है। वह पेशे से वाहन चालक है। राजेश के परिजनों ने दावा किया है कि वह बेकसूर है और उसे फंसाया गया है।