दक्षिण पूर्व रेलवे के सभी 24033 जल टैंकों की सफाई पूरी, यात्रियों को मिलेगा स्वच्छ पानी
दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूरे) ने अपने स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए 24,033 जल टैंकों की सफाई पूरी कर ली है।

दक्षिण पूर्व रेलवे के सभी 24033 जल टैंकों की सफाई पूरी। (यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है)
HighLights
दपूरे ने 24,033 जल टैंकों की सफाई पूरी की।
स्टेशनों पर स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल सुनिश्चित किया।
जल शोधन संयंत्रों का निरीक्षण व रखरखाव भी हुआ।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूरे) ने अपने स्टेशनों पर स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया है। इसके तहत उसके अधिकार क्षेत्र में आने वाले सभी 24,033 जल टैंकों की सफाई पूरी कर ली गई है।
कोलकाता में स्थित दपूरे मुख्यालय की ओर से शनिवार को एक बयान में इसका दावा किया गया। साथ ही जल शोधन संयंत्रों, फिल्टर, वाटर बूथ, नलों और जल वितरण केंद्रों का भी निरीक्षण व अनुरक्षण किया गया।
दपूरे के अनुसार, सभी 63 क्लोरीनेशन प्लांटों का निरीक्षण और अनुरक्षण किया गया है। जरूरत के अनुसार क्लोरीन की मात्रा को समायोजित किया गया। अधिक लौह तत्व वाले पानी वाले स्थानों पर स्थापित सभी 23 आयरन रिमूवल प्लांटों की भी जांच की गई। इसके अलावा 52 प्रेशर/ग्रेविटी फिल्टरों की सफाई और अनुरक्षण का काम पूरा किया गया।
जल गुणवत्ता की नियमित निगरानी के तहत अवशिष्ट क्लोरीन की जांच के लिए 3,413, बैक्टीरियोलाजिकल परीक्षण के लिए 334 और रासायनिक परीक्षण के लिए 21 जल नमूने लिए गए हैं। बयान में बताया गया कि वाटर कूलर और जल शुद्धिकरण इकाइयों के अनुरक्षण के लिए वार्षिक अनुरक्षण अनुबंध लागू है।
टैंकों की निर्धारित अवधि पर सफाई तथा पाइपलाइन, नलों और अन्य उपकरणों में रिसाव की तत्काल मरम्मत भी की जा रही है। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि जलापूर्ति व्यवस्था को सुरक्षित और विश्वसनीय बनाए रखने के लिए निवारक निरीक्षण एवं समयबद्ध सुधारात्मक कार्रवाई लगातार जारी है।
