दक्षिण पूर्व रेलवे की बड़ी पहल, यात्रियों को साफ पानी के लिए शुरू किया अभियान; 14248 टंकियों की सफाई पूरी
दक्षिण पूर्व रेलवे ने यात्रियों को सुरक्षित और स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए एक व्यापक अभियान शुरू किया है।

दक्षिण पूर्व रेलवे की बड़ी पहल।
HighLights
दपूरे ने स्टेशनों पर यात्रियों के लिए स्वच्छ पेयजल अभियान चलाया।
अभियान में 24,033 में से 14,248 जल टंकियों की सफाई हुई।
पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने हेतु नियमित निरीक्षण और परीक्षण।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। दक्षिण पूर्व रेलवे (दपूरे) ने अपने अधिकार क्षेत्र के स्टेशनों पर सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण पेयजल उपलब्ध कराने के लिए व्यापक रखरखाव एवं जांच अभियान शुरू किया है। इसके तहत जल टंकियों, पाइपलाइनों, फिल्टर, वाटर बूथ और जल वितरण केंद्रों का नियमित निरीक्षण व सफाई की जा रही है।
कोलकाता में दपूरे मुख्यालय की ओर से रविवार को जारी एक बयान में कहा गया कि कुल 24,033 जल टंकियों में से 14,248 की सफाई पूरी हो चुकी है। जलापूर्ति व्यवस्था में कमियां पाए जाने वाले 167 स्थानों को चिन्हित किया गया है।
इनमें 81 स्थानों पर पाइपलाइन मरम्मत या बदलाव का काम पूरा हो चुका है, जबकि 39 स्थानों पर क्षतिग्रस्त टंकियों, पाइपलाइनों और फिल्टरों को बदला जा रहा है।
दपूरे के 55 प्रेशर/ग्रेविटी फिल्टरों में से 52 की सफाई व रखरखाव पूरा कर लिया गया है। वहीं, सभी 63 क्लोरीनेशन संयंत्रों की जांच और आवश्यक रखरखाव किया गया है। पानी की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए 1,561 नमूनों में अवशिष्ट क्लोरीन स्तर, 283 में बैक्टीरियोलाजिकल और 21 नमूनों में रासायनिक परीक्षण किए गए हैं।
दपूरे ने वाटर कूलर और जल शुद्धिकरण इकाइयों के लिए वार्षिक रखरखाव अनुबंध भी लागू किया है। टंकियों की मासिक सफाई के साथ पाइप, नलों और फिटिंग से होने वाले रिसाव की तत्काल मरम्मत की जा रही है।
अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण, सफाई, मरम्मत, क्लोरीनेशन और गुणवत्ता परीक्षण की प्रक्रिया लगातार जारी रहेगी।
