विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर में सेप्टिक टैंक बना मौत का कुआं, जहरीली गैस से मां-बेटे सहित चार की मौत

Published: Wed, 14 Oct 2026 11:00 PM (IST)

पश्चिम मेदिनीपुर के मोहनपुर में एक सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से बीमार है।

सेप्टिक टैंक में दम घुटने से मां-बेटे समेत चार की मौत।

सेप्टिक टैंक में दम घुटने से मां-बेटे समेत चार की मौत।

HighLights

  1. मोहनपुर में सेप्टिक टैंक में जहरीली गैस से हादसा।

  2. मां-बेटे समेत चार लोगों की हुई दर्दनाक मौत।

  3. एक व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार, अस्पताल में भर्ती।

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के मोहनपुर के आंतला गांव में बुधवार को सेप्टिक टैंक में गिरने और जहरीली गैस की चपेट में आने से मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से बीमार हो गया, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, टैंक में लंबे समय से ढक्कन लगा होने के कारण उसके भीतर जहरीली गैस जमा होने की आशंका है। इसी गैस की चपेट में आने से एक के बाद एक पांच लोग बेहोश हो गए।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, बदिर मल्लिक अपनी बहन सारजिना बीबी के घर पर नए सेप्टिक टैंक के निर्माण कार्य में लगे थे। इसी दौरान वह गहरे टैंक में गिर गए और बेहोश हो गए। भाई को बचाने के लिए सारजिना भी टैंक में उतरीं, लेकिन वह भी जहरीली गैस की चपेट में आ गईं। मां को बचाने के लिए उनके बेटे शेख रबिउल ने भी टैंक में प्रवेश किया और बेहोश हो गए। उन्हें बचाने पहुंचे रिश्तेदार शेख साहेब भी टैंक के भीतर बेहोश हो गए।

पांच लोगों को टैंक से निकालकर अस्पताल ले जाया गया

घटना की जानकारी मिलने पर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। इसके बाद पांच लोगों को टैंक से निकालकर अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने बदिर मल्लिक, सारजिना बीबी, शेख रबिउल और शेख साहेब को मृत घोषित कर दिया। शेख अबुकलाम गंभीर रूप से बीमार हैं और उनका इलाज चल रहा है।

मोहनपुर थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए हैं। पुलिस को आशंका है कि टैंक में जमा जहरीली गैस के कारण यह हादसा हुआ।