दुर्गा पूजा: सियालदह स्टेशन पर 15 से 21 अक्टूबर तक पार्किंग और डिजिटल लॉकर सेवा रहेगी बंद
दुर्गा पूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ और संभावित यातायात जाम को देखते हुए सियालदह स्टेशन पर 15 से 21 अक्टूबर तक पार्किंग क्षेत्र बंद रहेगा।

HighLights
सियालदह स्टेशन पर 15-21 अक्टूबर तक पार्किंग बंद।
डिजिटल लॉकर सेवा भी इस अवधि में स्थगित रहेगी।
भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। दुर्गापूजा के दौरान यात्रियों की भारी भीड़ और संभावित यातायात जाम को देखते हुए पूर्व रेलवे के सियालदह मंडल ने कोलकाता के व्यस्ततम सियालदह स्टेशन का पार्किंग क्षेत्र 15 से 21 अक्टूबर तक बंद रखने का फैसला किया है। इस दौरान स्टेशन पर डिजिटल लॉकर सेवा भी स्थगित रहेगी।
दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर शनिवार को सियालदह के मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) राजीव सक्सेना की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समन्वय बैठक हुई। इसमें राज्य पुलिस, कोलकाता ट्रैफिक पुलिस और राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के वरिष्ठ अधिकारियों सहित संबंधित विभागों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।
बैठक में स्टेशनों पर भीड़ नियंत्रण, यात्रियों के प्रवेश और निकास, सुरक्षा व्यवस्था तथा आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की तैयारियों की समीक्षा की गई।

अधिकारियों ने बताया कि सियालदह मंडल ने पूजा के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। इसके तहत 270 पूर्व सैनिकों की सेवाएं लेने के साथ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और रेलवे सुरक्षा विशेष बल (आरपीएसएफ) के अतिरिक्त जवानों की तैनाती की जाएगी। पूरे मंडल में निगरानी के लिए 11 नोडल प्वाइंट बनाए गए हैं और एक केंद्रीय वार रूम स्थापित किया गया है।
स्टेशनों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती
भीड़भाड़ वाले प्लेटफार्मों पर यात्रियों की आवाजाही सुचारु बनाए रखने के लिए उचित व्यवस्था करने और प्रवेश व निकास मार्गों पर भीड़ नियंत्रित करने पर जोर दिया गया। रणनीतिक स्थानों पर आरपीएफ कर्मियों की तैनाती के साथ अधिक यातायात वाले रेलवे फाटकों पर भी सुरक्षा बल तैनात किए जाएंगे। इसके लिए राज्य ट्रैफिक पुलिस के साथ समन्वय रखा जाएगा।
महत्वपूर्ण फुट ओवरब्रिज पर आरपीएफ के अलावा स्काउट्स एवं गाइड्स, सिविल डिफेंस और सेंट जॉन एम्बुलेंस के स्वयंसेवक तैनात रहेंगे। अधिक भीड़ वाले स्टेशनों पर चिकित्सा सहायता बूथ और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी की जाएगी।
वहीं, सिग्नल एवं दूरसंचार, ट्रैक्शन वितरण (टीआरडी), इंजीनियरिंग और ट्रैक्शन रोलिंग स्टॉक (टीआरएस) विभागों की मोबाइल रखरखाव टीमें शाम 4 बजे से रात 12 बजे तक रणनीतिक स्थानों पर तैनात रहेंगी, ताकि तकनीकी खराबी होने पर तत्काल कार्रवाई की जा सके।

24 घंटे होगी निगरानी, टिकट सेवाओं पर भी जोर
पूरे मंडल को स्टेशनों के समूहों के आधार पर 11 नोडल प्वाइंट में बांटा गया है। सभी स्टेशनों की निगरानी के लिए केंद्रीय वार रूम बनाया गया है। यात्रियों और संबंधित कर्मचारियों को आपात स्थिति या तत्काल सहायता के लिए सियालदह मंडल के वार रूम के नंबर 9147906778 पर संपर्क करने की सलाह दी गई है। स्टेशनों पर सीसीटीवी के माध्यम से 24 घंटे निगरानी की व्यवस्था भी रहेगी।
डीआरएम ने ने सभी ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) और मोबाइल यूटीएस सेवाओं को सुचारु रखने के निर्देश दिए हैं। जरूरत के अनुसार अतिरिक्त टिकट बुकिंग काउंटर भी खोले जाएंगे।
यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता : डीआरएम
डीआरएम राजीव सक्सेना ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान प्रत्येक यात्री की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस और संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा और सुचारु आवाजाही की सभी तैयारियां समय पर पूरी की जा रही हैं। उन्होंने यात्रियों और आगंतुकों से अपील की कि 15 से 21 अक्टूबर तक सियालदह स्टेशन के पार्किंग क्षेत्र में वाहन खड़ा न करें।
इस अवधि में वाहन का उपयोग केवल यात्रियों को उतारने और लेने के लिए किया जा सकेगा। डिजिटल लॉकर सेवा भी इन सात दिनों तक बंद रहेगी, इसलिए यात्रियों को अपने सामान के लिए पहले से वैकल्पिक व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।
