Saroj Khan Death News: टॉलीवुड में शोक, अभिनेत्रियां बोलीं-आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी
बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान के निधन पर टॉलीवुड ने भी गहरा शोक जताया है। फिल्म अभिनेत्री अर्पिता चटर्जी ने कहा-2020 में भयावह खबरें आनी जारी हैं।
राज्य ब्यूरो, कोलकाता : बॉलीवुड की मशहूर कोरियोग्राफर सरोज खान के निधन पर टॉलीवुड ने भी गहरा शोक जताया है। फिल्म अभिनेत्री अर्पिता चटर्जी ने कहा-'2020 में भयावह खबरें आनी जारी हैं। सरोज खान जी ने अपनी कोरियोग्राफी से बॉलीवुड को पुनः परिभाषित किया था। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। अभिनेता परमब्रत चट्टोपाध्याय ने कहा-'जिस समय सरोज खान जी की कोरियोग्राफी से सजा एक दो तीन गाना आया था, उस वक्त मैं पहली कक्षा में था। फिल्म जगत में सरोज खान जी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता।'
अभिनेत्री रितुपर्णा सेनगुप्ता ने कहा-' मैं उनकी कोरियोग्राफी से सजे गाने सुनकर बड़ी हुई हूं। गाने में उनके डांस मूव इस तरह के होते थे कि उनमें अभिनेत्रियां बेहद संवेदनशील लगती थीं। मैंने उनसे एक बार मुझे डांस के दौरान चेहरे की भाव भंगिमा के बारे में सिखाने का अनुरोध किया था। वे फिल्म इंडस्ट्री की एक मजबूत स्तंभ थीं। मेरा मानना है कि उनके सपोर्ट से बॉलीवुड में कई कलाकारों का पुनर्जन्म हुआ था। उनकी कोरियोग्राफी गाने का हिट होना तय करती थी। हमने सिनेमा की एक अनमोल धरोहर को खो दिया है।
संगीतकार बिक्रम घोष ने कहा-' उनका अंदाज सबसे जुदा था। वे फिल्मी डांस को बहुत अच्छी तरह से समझती थीं।उन्होंने भारतीय शास्त्रीय संगीत की तालीम भी ली थी। सरोज खान जी को बॉलीवुड की महानतम कोरियोग्राफरों में से एक के रूप में याद किया जाएगा।' उनके साथ काम कर चुके फिल्मकार अरिंदम सील ने कहा-'सरोज खान जी उनकी कोरियोग्राफी वाले गानों की किस तरह से शूटिंग हो रही है और उन्हें फिल्माने में कितने कैमरों का इस्तेमाल किया जा रहा है, इन सबकी भी पूरी जानकारी रखती थीं। उनकी तकनीक समझ शानदार थी।' अभिनेत्री सायंतनी घोष ने कहा-'डांस की दुनिया सरोज खान जी के बिना पहले जैसी नहीं होगी।आप हमेशा हमारे दिलों में रहेंगी।'